प्रयागराज: डिप्टी सीएमओ डॉ. हेमंत सिंह के खिलाफ जांच शुरू, डेढ़ घंटे हुई पूछताछ
प्रयागराज, अमृत विचार। डिप्टी सीएमओ डॉ. हेमंत सिंह के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के मामले की जांच प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गयी है। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ की ओर से गठित जांच कमेटी आज सीएमओ आफिस पहुंची। करीब एक घंटे तक संबंधित अधिकारियों से पूछताछ हुई। कमेटी में एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा, सीटीओ प्रत्युष द्विवेदी व सीएमओ डॉ. एके तिवारी शामिल थे। यह मामला चाका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ा है।
डॉ. हेमंत सिंह पहले वहीं पर अधीक्षक थे जो अब सीएमओ आफिस में डिप्टी सीएमओ के पद पर तैनात हैं। चाका के वर्तमान अधीक्षक डॉ. अंकित राजा को भी कमेटी के सामने बुलाया गया। उनसे संबंधित अभिलेख मांगे गए जिसमें बजट का पूरा लेखा जोखा है लेकिन अधीक्षक पूरा अभिलेख लेकर नहीं आए थे, उनका कहना था कि संबंधित बाबू अवकाश पर हैं इसलिए पूरे अभिलेख नहीं मिल सके। इस पर जांच कमेटी ने पूरे अभिलेख के साथ गुरुवार को फिर बुलाया है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. हेमंत सिंह 12-13 वर्षों से प्रयागराज में तैनात हैं। इसके पहले वह चाका सीएचसी पर वर्षों तक अधीक्षक रहे। संघ की पैरवी के बाद वह प्रयागराज के सीएमओ आफिस में डिप्टी सीएमओ बन गए। एक भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है जिसमें कहा गया कि डॉ. हेमंत सिंह एनसीडी (गैर संचारी बीमारी) सेल और आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) के नोडल हैं।
हर बिल पर कमीशन मांगते हैं। शिकायत में यह भी मांग की गई है कि डॉ. हेमंत सिंह से संबंधित बिल वाउचर की जांच करा ली जाए तो सब स्पष्ट हो जाएगा। एक वरिष्ठ अधिवक्ता ने भी उच्चाधिकारियों से डिप्टी सीएमओ की शिकायत किया है जिसमें अधिवक्ता ने कहा था कि डॉ. हेमंत सिंह चाका में अधीक्षक थे और एचआरए लेते रहे। मामले की जांच करके सख्त कार्रवाई की जाये।
