शाहजहांपुर: CBSE बोर्ड के सभी स्कूलों में अब CCTV कैमरे लगाना जरूरी
शाहजहांपुर,अमृत विचार। सीबीएसई ने बोर्ड से अपने संचालित स्कूलों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए आदेश जारी किया है। जिसके अंतर्गत अब सभी स्कूलों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य कर दिया है। हर स्कूल में क्लास रूम, कॉरिडोर, एंट्री-एग्जिट गेट और लैब्स में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। बोर्ड का मानना है कि अब स्कूलों में सिर्फ पढ़ाई नहीं, बच्चों की सुरक्षा भी जरूरी हैं।
बोर्ड का साफ कहना है कि बच्चों को सुरक्षित माहौल देना स्कूल की जिम्मेदारी है, आज के समय में जहां दुर्व्यवहार और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, ऐसे में स्कूलों को और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता का पत्र सीबीएसई बोर्ड के सचिव हिमांशु गुप्ता की जारी किया गया। जिसके बाद जनपद स्तर पर भी संचालित 45 विद्यालयों को डिस्ट्रिक्ट कोर्डिनेटर की ओर से पत्राचार किया गया है।
जिसमें सीसीटीवी कैमरों को विद्यालय के मुख्य गेट से लेकर, एक -एक रुम, लैब आदि में लगाने को कहा गया है। जिन विद्यालयों में पहले से ही सीसीटीवी कैमरे लगे हुए, उनको भी सुरक्षा की दृष्टि से समय- समय पर अभियान चलाकर चैक किए जाने की बात कही गयी है। डिस्ट्रिक्ट कोर्डिनेटर राजीव मोहन पाण्डेय ने बताया सीबीएसई बोर्ड ने अब सभी विद्यालयों जो कि सीबीएसई से जनपद में संचालित हो रहे हैं। वहां पर सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता कर दी है। इसका पालन कराया जाएगा।
