पीलीभीत: जलशक्ति मंत्री ने 29 बाढ़ परियोजनाओं का किया लोकार्पण

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बाढ़ प्रभावित गांवों की सुरक्षा के लिए तैयार की गई बाढ़ एवं सिंचाई की 29 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इससे पूर्व उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्टहाउस में अफसरों संग सिंचाई एवं जल संसाधन एवं बाढ़ नियंत्रण कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के बाद जल शक्ति मंत्री ने देवहा नदी किनारे बाढ़ प्रभावित गांवों की सुरक्षा के लिए तैयार की गई बाढ़ परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मंगलवार देर शाम पीलीभीत पहुंचे। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पहुंचने पर सिंचाई विभाग समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इधर बुधवार सुबह गेस्ट हाउस में जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान बाढ़ खंड एवं शारदा सागर खंड के अधिशासी अभियंताओं ने कराए गए बाढ़ बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़ नियत्रंण कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गेस्टहाउस में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनपद में बाढ़ के दृष्टिगत अतिसंवेदनशील गांवों, तटबंध एवं सिंचाई संरचनाओं की सुरक्षा के लिए वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 की बाढ़ एवं सिंचाई की 29 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

इस दौरान जलशक्ति मंत्री ने बाढ़ परियोजनाओं की उपयोगिता बताई। कहा कि हम सभी ब्रह्मा की संतान है। प्रकृति की रक्षा करना हम सब का दायित्व है। सबको मिलकर जल संचय की चिंता करनी चाहिए। अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए, ताकि जल की कमी न पड़े। उन्होंने कहा कि समाज में हम पर जो भी जिम्मेदारी है, उसका ईमानदारी से पालन करें, ताकि समुचित विकास कार्य हो सकें। उन्होंने विभागीय योजनाओं को भी समझाया।

देवहा नदी किनारे पहुंचकर बाढ़ परियोजनाओं को देखा
लोकार्पण के बाद जल शक्ति मंत्री देवहा नदी के बायें किनारे बाढ़ नियंत्रण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने नदी किनारे बसे गांव मथुडांडी, नवदिया आदि में कराए गए बाढ़ नियंत्रण कार्यों को देखा। मैप के माध्यम से कराए गए कार्यों के संबंध में अधिशासी अभियंताओं से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी कराए गए बाढ़ बचाव कार्यों के संबंध में बातचीत की और उन्हें बाढ़ से सुरक्षा के लिए सुदृढीकरण कार्य कराए जाने के लिए आश्वस्त किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पीसीयू अध्यक्ष सुरेश गंगवार, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सत्यपाल गंगवार, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह, संयुक्त बार एसोसिएशन अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता बरेली महेश्वरी प्रसाद समेत अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

पूर्व जिलाध्यक्ष के आवास पर पहुंचे, श्रद्धांजलि दी
पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह।
पीलीभीत, अमृत विचार: प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बुधवार सुबह भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिवंगत नेता स्वर्गीय राकेश गुप्ता के वल्लभनगर कॉलोनी स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने राकेश गुप्ता को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने दिवंगत भाजपा नेता के पुत्र रचित गुप्ता एवं शोभित गुप्ता से भेंट की और स्वर्गीय राकेश गुप्ता द्वारा समाज और संगठन के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार