रामपुर: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला ग्रामीण का शव
टांडा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव बादली निवासी ब्रजेश ठाकुर पुत्र नंबर सिंह का शव गुरुवार सुबह गांव बादली के नजदीक बेहल्ला नदी से आगे आम के बाग में पेड़ से लटका हुआ मिला। सुबह को जब लोग पहुंचे तो ब्रजेश ठाकुर को पेड़ से लटका हुआ देखा। इसकी सूचना ब्रजेश के परिजनों को दी। परिवार वालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को पेड़ से नीचे उतार लिया।
उधर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का कहना है कि मृतक डनलप गाड़ी चलाकर और खेती किसानी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। ब्रजेश ठाकुर बुधवार शाम को चारा लाए थे। उसके बाद में घर आकर सो गए थे। बाद में पता नहीं कब चले गए। सुबह को बाग में पेड़ पर शव लटके मिलने जानकारी मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक ने अपने पीछे चार बच्चे छोड़े
मृतक ब्रजेश की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उसने अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ा हैं। जिसमें सबसे छोटा बेटा 5 वर्ष का है। जबकि पत्नी की मृत्यु 5 वर्ष पूर्व ऑपरेशन के दौरान हो गई थी। ब्रजेश ही अपने बच्चों का अकेला सहारा था। उसकी मौत के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया। बच्चे अनाथ हो गए हैं। अब बच्चों की देख रेख कौन करेगा। मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर का था।
