बाराबंकी में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत परिवार के लोगों पर केस दर्ज
बाराबंकी: अमृत विचार। घुंघटेर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 22 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई। गुरुवार सुबह शरीफाबाद मजरे डिंगरी गांव में चांदनी अपने कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता कुशमेश ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
उन्होंने बताया कि 14 महीने पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी धूमधाम से की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज की मांग को लेकर बेटी को पति और ससुराल के लोग प्रताड़ित कर रहे थे। पिता ने आरोप लगाया कि पति कई बार चांदनी को जान से मारने की धमकी दे चुका था। वे लोग समझाते रहे, लेकिन अंत में उसकी हत्या कर दी गई।
प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह यादव ने बताया कि मृतका के पिता कुसुमेश निवासी भरथर महमूदाबाद सीतापुर की तहरीर पर पति रवि कुमार, देवर अजय कुमार और सास-ससुर जसवंत के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
टैक्सी ड्राइवर की संदिग्ध मौत, परिवार में मातम
थाना क्षेत्र का रहने वाला टैक्सी चालक राजा खान लखनऊ में कार में बेहोशी की दशा में मिला। वाहन स्वामी उसे बलरामपुर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्राम पंचायत लोहटी जई निवासी राजा खान बुधवार की रात नानपारा से सवारियां लेकर लखनऊ गए थे। सवारियों को उतारने के बाद वह कैसरबाग टेम्पो स्टैंड के पास रुक गए। कुछ देर बाद वाहन स्वामी कार के पास पहुंचा। उन्होंने देखा कि राजा गाड़ी में बेहोशी की हालत में था। मालिक ने उसे जगाने की कोशिश की। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
तत्काल उसे बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने राजा को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की सूचना पर लखनऊ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृत ड्राइवर के परिवार में मातम छा गया। मृतक राजा खान अपने पीछे पत्नी सज्जो और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। उनके बेटे अलहम की उम्र 8 वर्ष, बेटी मायरा की 6 वर्ष और बेटी हिदा की 4 वर्ष है। परिजनों में रोना पिटना मचा है। पूरी घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
ये भी पढ़े : छात्र पंचायत की कांवड़ यात्रा लखनऊ रवाना, सीएम योगी पर जलाभिषेक का ऐलान
