मुरादाबाद: मजदूरी मांगी तो ठेकेदार ने चाकू से गोदकर दो मजदूरों को उतारा मौत के घाट
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र के गुलाबबाड़ी में शुक्रवार देर रात एक बजे शाहनवाज उर्फ बबलू और जुनैद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शराब पीने के बाद ठेकेदार से उधार 45 हजार रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। ठेकेदार शारिक ने दोनों मजदूरों को रुपये देने के बहाने घर से बुलाकर लेकर गया था। पुलिस ने आरोपी शारिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना गलशहीद क्षेत्र के असातलपुरा निवासी फईम के अनुसार शाहनवाज उर्फ बबलू और जुनैद शीट कटिंग का काम करते थे। कुछ माह पहले मोहल्ले का ही शारिक अपनी ठेकेदारी में दोनों को शीट कटिंग का काम कराने के लिए दिल्ली लेकर गया था। एक माह पहले दोनों ठेकेदार के साथ काम करके लौट आए। शाहनवाज और जुनैद के शारिक पर 45 हजार रुपये मजदूरी के निकल रहे थे। दोनों ने रुपये मांगे तो ठेकेदार ने दिल्ली से रुपये नहीं मिलने की बात कही। इसके चलते विवाद शुरू हो गया। ठेकेदार शारिक शुक्रवार देर रात शाहनवाज उर्फ बबलू के घर पहुंचा और रुपये देने की बात कहते हुए घर से बुलाकर ले गया।
दोनों जुनैद को भी साथ ले गए। इसके बाद तीनों कटघर क्षेत्र के गुलाबबाड़ी चुंगी स्थित शराब की दुकान पर पहुंचे और तीनों ने शराब पी। इसी बीच मजदूरों ने रुपये मांगे तो ठेकेदार गाली गलौज करने लगा और चाकू निकाल लिया। गाली गलौज का विरोध करने पर ठेकेदार ने शाहनवाज उर्फ बबलू के सिर, कमर, सीने और पेट में चाकू से पांच वार किए। बचाने आए जुनैद को भी नहीं बख्शा और पेट और सीने में चाकू से तीन वार किए।
इससे शाहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर भीड़ जुट गई, सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी देर रात मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। शाहनवाज के भाई फईम की तहरीर पर शारिक के खिलाफ पुलिस ने हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शवों को परिजनों के हवाले कर दिया।
