पंचायत चुनाव: आंशिक परिसीमन का अनन्तिम प्रकाशन जारी...एक गांव का अस्तित्व समाप्त
जलालाबाद की तीन बीडीसी सीटें खत्म, अब 95 की जगह 92 क्षेत्रों में होगी वोटिंग
शाहजहांपुर, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भले ही वर्ष 2026 में प्रस्तावित हो, लेकिन शासन के निर्देश पर प्रशासनिक तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में जिला पंचायत और विकासखंड स्तर पर आंशिक परिसीमन का अनन्तिम प्रकाशन कर दिया गया है। जनपद के विकासखंड जलालाबाद की ग्राम पंचायत साहबगंज अब अस्तित्व में नहीं रही, क्योंकि इसे पूरी तरह नगर पंचायत अल्हागंज में शामिल कर दिया गया है। इसके चलते जलालाबाद क्षेत्र की तीन बीडीसी सीटें समाप्त हो गई हैं।
नगर निकाय सीमा विस्तार और गठन के कारण कई अन्य ग्राम पंचायतों को भी आंशिक रूप से नगर पंचायतों में सम्मिलित किया गया है। इससे जिला और क्षेत्र पंचायतों के वार्डों की संख्या में भी बदलाव हुआ है। परिसीमन के बाद अब कुल क्षेत्र पंचायत वार्डों की संख्या 95 से घटकर 92 रह गई हैं और आगामी पंचायत चुनाव इन्हीं नए परिसीमन के आधार पर कराए जाएंगे। प्रशासन ने परिसीमन के अनन्तिम प्रकाशन की सूचनाएं विकास भवन और जिला पंचायत कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी हैं। 29 जुलाई से 2 अगस्त तक आमजन इस पर आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद चार सदस्यीय समिति द्वारा आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण 3 अगस्त से 5 अगस्त तक किया जाएगा।
ग्राम पंचायत इस्लामगंज की जनसंख्या में बदलाव हुआ है। इसकी कुल जनसंख्या में से 2626 नगर पंचायत अल्हागंज में सम्मिलित हो चुकी है। अब यहां 3917 की जनसंख्या बची है, जिससे वार्डों की कुल संख्या यथावत 15 बनी रही। ग्राम पंचायत बेलाखेड़ा के समापुर वार्ड की 100 जनसंख्या भी नगर पंचायत अल्हागंज में सम्मिलित की गई है। इसके अलावा निगोही क्षेत्र की ग्राम पंचायत वैदपुर का पैदापुर नगर पंचायत निगोही में जोड़ा गया है।
जिला पंचायत में भी हुआ बड़ा बदलाव
जिला पंचायत वार्ड संख्या 32 जलालाबाद द्वितीय की कुल जनसंख्या 53359 से घटकर अब 48651 रह गई है। इसके पीछे क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या 77 से 92 तक किए गए संशोधन हैं, जिनके कारण वोटिंग पैटर्न में भी बदलाव तय माना जा रहा है। अब नए परिसीमन के अनुसार मतदाता सूची का पुनरीक्षण व आरक्षण सूची का निर्धारण किया जाएगा।
चार सदस्यीय समिति करेगी निस्तारण
आपत्तियों का निस्तारण एक चार सदस्यीय समिति करेगी, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे। समिति में मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत और जिला पंचायत राज अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है।
एडीएम वित्त एवं जिला पंचायत राज अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दृष्टिगत 2021 के बाद नगर निगम, नगर पंचायत व नगर पालिका परिषदों के सीमा विस्तार और गठन से प्रभावित ग्राम पंचायतों को नगर निकायों में सम्मिलित किए जाने के उपरांत शेष पंचायतों का आंशिक परिसीमन किया गया है। अब इसके अनन्तिम प्रकाशन के उपरांत आपत्तियां मांगी जा रही हैं, जिन्हें सुनवाई के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।
