भारत बंद : आठ जोन व 20 सेक्टर में बंटा मुरादाबाद, 1500 पुलिसकर्मी तैनात
मुरादाबाद,अमृत विचार। किसान संगठनों द्वारा आठ दिसंबर को भारत बंद के ऐलान ने पुलिस-प्रशानिक अफसरों को भी अलर्ट कर दिया है। सुरक्षा के लिहाज से अफसरों ने अपना खाका तैयार कर लिया है। मंगलवार को भारत बंद के दौरान जिले को आठ जोन, 20 सेक्टर व 52 सब सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। किसान संगठनों द्वारा आठ दिसंबर को भारत बंद के ऐलान ने पुलिस-प्रशानिक अफसरों को भी अलर्ट कर दिया है। सुरक्षा के लिहाज से अफसरों ने अपना खाका तैयार कर लिया है। मंगलवार को भारत बंद के दौरान जिले को आठ जोन, 20 सेक्टर व 52 सब सेक्टर में बांटा गया है।
सुरक्षा के लिहाज से थाना पुलिस के अलावा 1500 पुलिस कर्मी, एक कंपनी आरएएफ व एक कंपनी दो प्लाटून पीएसी को लगाया गया है। इसके अलावा जिले की बाहरी सीमाओं पर सभी थानेदार संदिग्ध व शरारती तत्वों की पर निगाह रखने के लिए चेकिंग करेंगे।
पिछले कई दिनों से किसान केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में दिल्ली में धरना दे रहे हैं। कई बार वार्ता का प्रस्ताव आने के बाद भी किसान अपनी मांग मनवाने के लिए अड़े हैं। इस आंदोलन के बीच केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में विभिन्न किसान संगठनों ने आठ दिसंबर को भारत बंद का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान के बाद जहां किसान संगठन इस बंद को सफल बनाने के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं तो वहीं पुलिस-प्रशासनिक अफसर भी अलर्ट हो गए हैं। चिंतन-मंथन के बाद सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है।
सीओ और इंस्पेक्टर संभालेंगे जिम्मेदारी
प्लान के तहत पूरे जिले को आठ जोन, 20 सेक्टर व 52 सब सेक्टर में बांटा गया है। जोन की कमान जहां सीओ के पास रहेगी तो सेक्टर की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर संभालेंगे। सब सेक्टर में सुरक्षा की कमान सब इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से थाना पुलिस के अलावा 1500 पुलिस कर्मी अतिरिक्त लगाए गए हैं। जबकि बाजारों में सुरक्षा की कमान एक कंपनी आरएएफ व एक कंपनी दो प्लाटून पीएसी को लगाया गया है। सभी धरना-प्रदर्शन पर भी पुलिस की नजर रहेगी। वहीं शरारती तत्वों का जिले में प्रवेश रोकने के लिए सभी सीमाओं पर चेकिंग की जाएगी।
जबरन दुकान बंद कराई तो होगी कार्रवाई
वहीं भारत बंद के दौरान जबरन बाजार व दुकानें बंद करवाने वालों से अफसरों ने सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली है। प्लान के तहत यदि कोई दुकानदार स्वेच्छा से दुकान बंद करता है तो कोई परेशानी नहीं हैं लेकिन अगर किसी ने जबरन दुकान बंद कराने और जाम लगाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इनको चिन्हित करने के लिए सड़कों पर सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर ड्रोन की मद्द से निगरानी की जाएगी।
भारत बंद के दौरान सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है। सभी बाजार व प्रमुख स्थानों पर फोर्स तैनात रहेगी। अगर किसी ने जबरन दुकान बंद कराने या फिर हंगामा करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अनिल कुमार यादव, एएसपी/सीओ सिविल लाइंस
