त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: 4.77 लाख में से 2.38 वोटरों का डाटा हुआ फीड
बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का मतदाता पुनरीक्षण कार्य पूरा हो चुका है। जनपद की 1193 ग्राम पंचायतों में से 1109 पंचायतों का डाटा जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) में जमा किया जा चुका है। 84 ग्राम पंचायतों का डाटा अभी तक जमा नहीं हुआ है। इसको लेकर अधिकारी नाराजगी जता चुके …
बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का मतदाता पुनरीक्षण कार्य पूरा हो चुका है। जनपद की 1193 ग्राम पंचायतों में से 1109 पंचायतों का डाटा जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) में जमा किया जा चुका है। 84 ग्राम पंचायतों का डाटा अभी तक जमा नहीं हुआ है। इसको लेकर अधिकारी नाराजगी जता चुके हैं। जिन पंचायतों का डाटा जमा नहीं हुआ है, उनसे संबंधित बीएलओ को जल्द डाटा जमा करने के निर्देश दिये गये हैं।
मतदाता नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की तारीख निर्धारित होने के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) वेंडर के जरिये परिवर्धन, संशोधन और विलोपन का डाटा राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर फीड करा रहा है। जनपद में 477753 मतदाताओं का डाटा फीड किया जाना है। इसमें से 7 दिसंबर तक 238341 मतदाताओं का डाटा फीड कराया जा चुका है।
मतदाताओं की फीडिंग का 26 दिसंबर तक होगा। 27 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 28 दिसंबर से 3 जनवरी, 2021 तक ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण किया जाएगा। इन्हीं दिनों में 1 जनवरी, 2021 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी निर्वाचकों के भी दावे स्वीकार किये जाएंगे।
4 जनवरी से 11 जनवरी तक दावे, आपत्तियां का निस्तारण किया जाना है। इसके बाद 12 जनवरी से 21 जनवरी तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों की पांडुलिपियों की तैयारी और उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित करने की कार्रवाई की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिये अंतिम प्रकाश की तारीख 22 जनवरी तय की है।
83862 वोट कैंसिल होंगे, इनकी हो चुकी है मृत्यु
वर्ष 2015 में हुये चुनाव के बाद से अब तक जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है। उनके वोट कैंसिल होंगे। मतदाता पुनरीक्षण कार्य के दौरान विलोपन (जिनकी मृत्यु हो चुकी है) वोटरों का डाटा भी एकत्र किया गया। 83862 मतदाताओं के वोट कैंसिल किये जाएंगे। इसका डाटा भी निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है, ताकि अंतिम प्रकाशन सूची में से ये वोट कम किये जा सकें। इसके अलावा 11049 मतदाताओं के नाम में संशोधन भी कराया गया है।
पिछले चुनाव में थे 2105485 वोटर
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2015 में जनपद में 2105485 वोटर थे। इसमें से 971405 महिला वोटर और 1134080 पुरुष वोटर थे। जबकि उस वक्त 15 विकास खंडों की 3243374 जनसंख्या थी लेकिन इस बार वोटरों की संख्या करीब 3 लाख बढ़ने की संभावना है।
