प्रतापगढ़ : दिल का दौरा पड़ा और जिंदगी से हार गए 'गुरु जी'
पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण पाण्डेय के निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर
प्रयागराज, अमृत विचार : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण पाण्डेय 'गुरु जी' का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय नागरिकों में गहरा शोक व्याप्त है। लक्ष्मी नारायण पाण्डेय उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कार्यकाल में बीरापुर विधानसभा (वर्तमान रानीगंज) से विधायक रहे। वे भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता और जनसेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित नेता के रूप में पहचाने जाते थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने सदैव जनहित को प्राथमिकता दी और विभिन्न विकास कार्यों के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।
उनके निधन की खबर मिलते ही प्रयागराज स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, उनके पैतृक गांव मोलनापुर बड़ारी में ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें अश्रुपूरित विदाई दी। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में भाजपा कार्यालय पर शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सदर विधायक राजेन्द्र मौर्य, पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह 'मोती', पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक धीरज ओझा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा अनिल प्रताप सिंह, भाजयुमो के पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री वरुण प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह, भाकिमो के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री आलोक पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की। शोकसभा में राजेश सिंह, पवन गौतम, अशोक मिश्र, संतोष मिश्र, आशुतोष त्रिपाठी, राघवेंद्र शुक्ल, आलोक गर्ग सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:- 104 ग्राम पंचायतों को यूनिसेफ देगा तकनीकी सहयोग : जल, स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल
