Bareilly: नए सर्किल रेट से सरकारी आय पर असर... रजिस्ट्री दफ्तरों में पसरा सन्नाटा
बरेली, अमृत विचार। जनपद में जमीनों के नए सर्किल रेट शुक्रवार को लागू हो गए हैं। सर्किल रेट बढ़ने के पहले दिन रजिस्ट्री दफ्तरों में सन्नाटा ही पसरा रहा। जहां बृहस्पतिवार काे सदर उप निबंधक प्रथम और द्वितीय दफ्तर में 175 और 172 बैनामे हुए। वहीं शुक्रवार को इन दफ्तरों में 57 और 55 बैनामे हुए। बैनामे कम होने से सरकार की आय पर भी गहरा असर पड़ा। ऐसी ही स्थिति जनपद की अन्य तहसीलों के रजिस्ट्री दफ्तरों में रही।
जिलाधिकारी की अनुमति के बाद से जिले में तीन हजार रुपये से लेकर 16 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक जमीनों के रेट बढ़ाए गए हैं। ओवरआल 22 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। रजिस्ट्री दफ्तरों में शुक्रवार को नए सर्किल रेट से बैनामे हुए। सहायक महानिरीक्षक निबंधन तेज सिंह यादव के अनुसार सदर उप निबंधक प्रथम कार्यालय में 57 बैनामे हुए, जबकि द्वितीय दफ्तर में 55 बैनामे हुए।
वहीं, फरीदपुर में 25 बैनामे हुए। मीरगंज की उप निबंधक अवंतिका देवी ने बताया कि रजिस्ट्री दफ्तर में शुक्रवार को केवल 20 बैनामे हुए। नवाबगंज, बहेड़ी, आंवला के रजिस्ट्री दफ्तर में भी रोजमर्रा की अपेक्षा कम बैनामे हुए।
