हर घर तिरंगा को राष्ट्रभक्ति का बनाएं जनांदोलन : मुख्यमंत्री

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल झंडा फहराने का आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का जनांदोलन है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में लगातार चौथी बार अभियान शुरू हुआ है और इसने राष्ट्र चेतना को सशक्त अभिव्यक्ति दी है। उन्होंने हर हाथ में स्वदेशी उत्पाद का मंत्र और आत्मनिर्भर भारत की भावना को जमीन पर उतारने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभियान से जुड़कर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं, उसके साथ सेल्फी लें, लोगों को इससे जोड़ें और ओडीओपी जैसे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय शिल्प को प्रोत्साहन दें। यह भारत को आर्थिक रूप से मजबूत करके ब्लैकमेल करने वालों को करारा उत्तर देने का सबसे सशक्त तरीका है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मालेगांव मामले में जैसे ही सत्य सामने आया, कांग्रेस की साजिशें बेनकाब हो गईं। जिन्होंने भगवा को आतंक का प्रतीक बताकर देश की आस्था को कलंकित किया, उनका चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ पर दुष्प्रचार कर विपक्ष देशविरोधी ताकतों की ढाल बनने का कार्य कर रहा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जब भाजपा सरकार जनकल्याण के लिए दिन-रात काम कर रही है, तब विपक्ष केवल झूठ और नकारात्मकता फैलाने में जुटा है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति की जनक्रांति है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवंत करने का राष्ट्रीय पर्व है।

भाजपा मंडल से शुरू करेगी तिरंगा यात्रा

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाए। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रा संग्राम से जुड़े स्मारकों की सफाई और पुष्पांजलि अर्पित की जाए। 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराना है। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सभी जिलों में मौन जुलूस निकालकर प्रभावित लोगों से भेंट एवं प्रदर्शनी का आयोजन होगा। हर-घर तिरंगा अभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक व पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर घर तिरंगा अभियान को घर-घर तक पहुंचाकर देशभक्ति की भावना को जागृत करें।

यह भी पढ़ें:- प्यार, धोखा और ब्लैकमेल की खौफनाक दास्तां : "मर जाऊंगी...तुम ऐश्वर्या राय जैसी पत्नी संग रहना"

संबंधित समाचार