महिमा ने रांची तो युविका ने जयपुर का लहराया परचम, 54वीं हॉकी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: पीएम श्रीकेंद्रीय विद्यालय गोमती नगर की देखरेख में आयोजित की गई 54वीं हॉकी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के अंडर-17 आयु वर्ग में रांची ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने में कामयाबी हासिल की। मो. शाहिद हॉकी स्टेडियम में खेले गये खिताबी मुकाबले में रांची ने जयपुर को 3-2 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि जयपुर को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। रांची ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपना लिया था। विजेता टीम की ओर से महिमा केराकेटा ने दो गोल किये। तीसरे स्थान के लिए खेला गया मुकाबला एकतरफा ही दिखा। चंडीगढ़ ने गुरुग्राम को 4-0 से हराकर तीसरा स्थान पा कांस्य पदक अपने नाम किया।

अंडर-14 आयु वर्ग में जयपुर विजेता बनने में कामयाब रहा। खिताबी मुकाबले में युविका चौधरी के बेहतरीन प्रदर्शन के चलते जयपुर ने चेन्नई को 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही जयपुर ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। विजेता टीम की स्टार खिलाड़ी युविका ने चार गोल दाग कर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिल्ली को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। समापन समारोह के विशिष्ट अतिथि पूर्व ओलंपियन सुजीत कुमार श्रीवास्तव, केवि लखनऊ संभाग के सहायक आयुक्त विजय कुमार, उत्तर प्रदेश हॉकी के ज्वाइंटर सेक्रेटरी अविनाश एवं विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार अग्रवाल ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। सुजीत कुमार ने बच्चों को खेल भावना को जीवित रखने के साथ ही शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन अपराजिता त्रिपाठी और मोहित सिंह ने किया। डीके सिंह तकनीकी सहायक, खेल प्रशिक्षक मुरली कुमार, अमित कनौजिया, संदीप ओझा, अशोक कुमार, राजेंद्र कुमार, महेंद्र बोरा , दीपचंद, तकनीक सहायक राजू दीक्षित, दिव्या अग्रवाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका अदा की।

यह भी पढ़ेंः UP News: मौसम ने बढ़ाई परेशानी! इन जिलों में स्कूल हुए बंद, DM ने जारी किए निर्देश, भारी बारिश का अलर्ट

संबंधित समाचार