जगह-जगह बारिश का कहर, अखिलेश ने साधा भाजपा पर निशाना, कहा- गायब हो गए स्मार्ट सिटी की परिकल्पना करने वाले भाजपाई
लखनऊ, अमृत विचार: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर बजट का जमकर बंदरबांट किया है। स्मार्ट सिटी की संकल्पना पर पानी फेरने वाले भाजपाई अपनी नाव लेकर कहां गायब हो गये हैं। जगह-जगह गड्ढे़ और नालों में गिर कर लोगों की मौंते हो रही है। प्रयागराज में 20 हजार करोड़ खर्च हुए हैं, भ्रष्टाचार के गहरे गड्ढ़ों में भरा पानी भाजपाई घपलों-घोटालों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करता है।
सपा प्रमुख ने कहा कि राजधानी लखनऊ व प्रयागराज समेत भाजपा सरकार द्वारा घोषित स्मार्ट शहरों का बुरा हाल है। कई जिलों में बाढ़ की विस्फोटक स्थिति है। प्रयागराज से लेकर वाराणसी तक हजारों लोगों के घरों में पानी भरा है। बाढ़ से निपटने और बचाव तथा राहत के लिए सरकार की पहले से कोई तैयारी नहीं है। जनता बेहाल है। भाजपा सरकार के इंजन जनहित में कार्य करने के बजाय अपने-अपने स्वार्थ साधने में लगे है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के दर्जनों जिले प्रयागराज, मिर्जापुर, बांदा, हमीरपुर, जालौन, औरैया, वाराणसी, आगरा, इटावा, फतेहपुर, कानपुर देहात, बलिया नदियों का जलस्तर बढ़ने और बारिश से बाढ़ की चपेट में है। किसानों की फसलें डूब कर नष्ट हो गयी। बाढ़ से आमजन, पशुधन प्रभावित है। सरकार ने आम जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया है।
पीडीए पाठशाला को सपा बनाएगी 2027 में चुनावी हथियार
परिषदीय स्कूलों के विलय के बाद सपा द्वारा गांव स्तर पर शुरू की गयी पीडीए पाठशालाएं 2027 के विधान सभा चुनाव तक चलेंगी। पाठशालाओं के माध्यम से सपा गांव के घर-घर में दस्तक देगी यानि सपा पीडीए पाठशालाओं को मुख्य चुनावी हथियार के रूप में प्रयोग करेगी।
लोकसभा चुनाव में सपा के लिए ट्रंप कार्ड साबित हुए पीडीए से उत्साहित सपा प्रमुख अखिलेश यादव, ट्रंप कार्ड को और धार देने में जुटे हैं। पीडीए पाठशालाएं भाजपा के पन्ना मतदाताओं की काट हैं। यही वजह है अखिलेश यादव पीडीए पाठशालाएं शुरू कर, उन्हें सक्रिय बनाए रखने की पुरजोर कोशिश में जुटे हैं, इसके लिए उन्होंने पार्टी नेताओं से स्थानीय स्तर पर पीडीए पाठशालाएं शुरू करने के निर्देश् दिए हैं।
यह भी पढ़ेंः UP News: मौसम ने बढ़ाई परेशानी! इन जिलों में स्कूल हुए बंद, DM ने जारी किए निर्देश, भारी बारिश का अलर्ट
