स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग से देश की अर्थव्यवस्था होती है मजबूत, समागम में बोले ब्रजेश पाठक
लखनऊ, अमृत विचार : प्रधानमंत्री के आह्वान पर मंगलवार को प्रदेश के व्यापारियों का विशाल समागम सहकारिता भवन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग से देश की अर्थ व्यवस्था मजबूत होती है। स्थानीय उद्योग को बढ़ावा मिलता है और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। इसके साथ ही यह देश भक्ति की भावना को बढ़ावा देता है। इससे देश के भीतर ही धन का संचालन होता है, जिससे आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है। साथ ही विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करता है।
2.jpg)
उन्होंने सभी व्यापारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि ''हम भारत के व्यापारी शपथ लेते हैं कि राष्ट्रीय स्वाभिमान को विश्व में उच्चतम करने के लिए स्वदेशी वस्तुओं की खरीद, विक्री, एवं निर्माण कर, उपयोग व उपभोग की प्राथमिकता से अथक प्रयास करेंगे। भविष्य में शत प्रतिशत स्वदेशी व्यापार हेतु अपना तन-मन-धन राष्ट्र के प्रति न्यौछावर करेंगे''।
2.jpg)
प्रान्तीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि हम लोग विदेशी चीजों को ज्यादा अहमियत देते हैं, जबकि हमें स्वदेशी चीजों पर ही निर्भर होना चाहिए। विदेशी वस्तुएं हमारे देश की चीजों से ज्यादा अच्छी हैं, हमें इस सोच को बदलने की जरूरत है। राष्ट्रहित में स्वदेशी वस्तुओं के उपभोग के लिए प्रेरित किया।
लखनऊ व्यापार मण्डल के चेयरमैन राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से हमारा देश सशक्त बनेगा। हम सभी राष्ट्रहित के बारे में सोचेंगे तभी हमारा देश विश्वगुरु बन पाएगा। नगर अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में जब वैश्वीकरण ने दुनिया को एक वैश्विक बाजार में बदल दिया है, स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग न केवल हमारी संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने में सहायक है बल्कि यह हमारे देश की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करता है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए तमाम योजनाएं चला रहे हैं और बाजारों को विकसित कर रहें है।
कार्यक्रम में बनवारी लाल कंछल,अनिल विरमानी, राजेन्द्र कुमार अग्रवाल, अमरनाथ मिश्र, देवेन्द्र गुप्ता, अनुराग मिश्र, उमेश शर्मा, भारत भूषण गुप्ता, रामकुमार वर्मा, रविन्द्र गुप्ता, साकेत शर्मा, सुशील तिवारी, एम के शुक्ला, सतवीर सिंह राजू, सुरेश कुमार, संजीव अग्रवाल, संचिन रस्तोगी मनीष अरोड़ा, कुश मिश्र, समीर जैन, हर्षित जायसवाल, सनी लालवानी सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े : भगवान के घर में चोरो ने किया हाथ साफ: CCTV में कैद हुए नकाबपोश, पुलिस ने जांच की शुरू
