मुरादाबाद: भाजपा सरकार ने 'ग' से गणेश पढ़ाया और सपा ने 'ग' से गधा-सीएम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तहस नहस कर दिया था। हालत ये थी कि शिक्षक होते थे तो छात्र नहीं छात्र होते थे तो शिक्षक नहीं। दोनों होते थे तो जर्रर भवन में पढ़ाई करनी पड़ती थी। हमने ग से गणेश पढ़ाने का काम किया मगर सपा सरकार में ग से गधा पढ़ाया जाता था।

अटल आवासीय विद्यालय योजना का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां के बच्चों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये साल काफी महत्वपूर्ण वर्ष है। मुरादाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर देश को अपने श्रम और शक्ति के बल पर दुनिया की आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने वाले श्रमिकों के बच्चों के लिए विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ अत्याधुनिक शिक्षा के केंद्र के रूप में अटल आवासीय विद्यालय मुरादाबाद मंडल को मिला है। ये साल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ये वर्ष अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी वर्ष है।

प्रधानमंत्री की प्रेरणा से तय किया था कि जिस भी निर्माण श्रमिक का रजिस्ट्रेशन है, वह जो भी निर्माण करता है उसका एक सेस जमा होता है, जो बोर्ड के पास जमा होता है। पैसा था मगर उसका बंदरबांट होता था। प्रधानमंत्री की पहल पर इस पैसे का बंदरबांट रोक कर श्रमिकों के बच्चों और उनके कल्याण के लिए किया गया। उन्होंने श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर को धन्यवाद दिया प्रदेश में 18 अटल आवासीय विद्यालय स्थापित कर 18 हजार श्रमिकों के बच्चों को लाभ देने के लिए। ये शिक्षा के प्रति डबल इंजन की सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाता है।

शिक्षा किसी भी सभ्य समाज और समृद्ध समाज की आधारशिला बनती है। चाहे सभ्य समाज हो या समृद्ध समाज, अगर शिक्षा उत्तम, संस्कारयुक्त नहीं, राष्ट्रीय मूल्य से उतप्रोत नहीं तो वहां देश के लिए किसी बेहतरी की उम्मीद नहीं की जा सकती। प्रधानमंत्री मोदी ने विजन दिया और प्रदेश की डबल इंजना सरकार ने इसका क्रियान्वयन किया। जिसका परिणाम है कि मुरादाबाद में अटल आवासीय विद्यालय बन गया। अनाथ हुए बच्चों के लिए विद्यालय बन रहे हैं।

इन अटल आवासीय विद्यालयों में विश्वस्तरीय सुविधाएं हैं। जहां अध्ययन अध्यापन की उत्तम व्यवस्था है। स्मार्ट क्लास, छात्रावास, बेहतरीन लाइब्रेरी, खानपान की व्यवस्था मौजूद है। समाजवादी पार्टी सरकार की उस अराजक व्यवस्था का हाल ये था कि विद्यालय थे लेकिन शिक्षक नहीं थे। जहां शिक्षक थे वहां छात्र नहीं थे। समाजवादी पार्टी का तो विश्वास ही इस बात का था कि नकल हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। नकल को उन्होंने अपने जीवन का हिस्सा बना लिया था। हमारे युवाओं के सामने पहचान का संकट आन खड़ा हुआ था।

आज समाजवादी पार्टी को शिक्षा मॉडल देखना है तो अटल आवासीय विद्यालय देखें। ऑपरेशन कायाकल्प में समाजवादी पार्टी की उदासीनता से 1.54 हजार विद्यालय जर्जर हालात में प्रदेश के अंदर हमे मिले थे। विद्यालय है तो भवन नहीं, भवन है तो शिक्षक नहीं, शिक्षक है तो छात्र नहीं। अगर शिक्षक और छात्र हैं तो कब भरोसा नहीं भवन गिर जाए। बालक बालिकाओं के लिए शौचालय नहीं था। मगर डबल इंजन की सरकार आई तो पिछले आठ वर्षों में 1.36 लाख विद्यालयों को ऑपरेशन कायाकल्प के तहत आधुनिक बनाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षक की बात होती है तो जो यूपी पहले 20वें स्थान पर था वहां अब तीसरे और पांचवे नंबर पर नाम लिया जाता है। इसके लिए प्रयास करना होता है। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सपा को पीडीए के नाम पर बड़ी चिंता हो रही है। ये वही सपा है जब कल्याण सिंह की सरकार में ग से गणेश पढ़ाया जा रहा था तो सपा ने ग से गधा पढ़ाने का काम किया था। 

समाजवादी पार्टी ने किस तरह शिक्षा व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया था ये सभी जानते हैं। हर जिले में इनका एक माफिया था। एक जनपद एक मफिया के नाम पर प्रदेश को दंगे की आग में झोंका गया। यूपी के नौजवानों के आगे पहचान का संकट खड़ा था। पहले उत्तर प्रदेश का कोई नागरिक बाहर जाता था तो पहचान का मोहताज होता था। लेकिन अब दूसरे प्रदेश में यूपी का नाम सुनकर सामने वाले का चेहरा खिल जाता है। अब यूपी वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट के नाम पर पहचान बना रहा है।

संबंधित समाचार