भारत और पाकिस्तान के 2 क्रिकेटरों पर रेप का आरोप, खतरे में करियर, जानें पूरा माम
नई दिल्लीः क्रिकेट की दुनिया में हड़कंप मच गया है। भारत और पाकिस्तान के दो युवा क्रिकेटरों पर बलात्कार के गंभीर आरोप लगे हैं। इनमें से एक खिलाड़ी को जेल का सामना करना पड़ा, हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई। वहीं, दूसरे क्रिकेटर की गिरफ्तारी की आशंका बनी हुई है। ये खिलाड़ी हैं भारत के यश दयाल और पाकिस्तान के हैदर अली। आइए जानते हैं इस मामले की पूरी कहानी।
पाकिस्तान के हैदर अली पर बलात्कार का आरोप
पाकिस्तान के उभरते हुए बल्लेबाज हैदर अली पर एक महिला ने बलात्कार और मारपीट का आरोप लगाया है। 24 वर्षीय हैदर, जो पाकिस्तान-ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं, को ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शिकायतकर्ता महिला की उम्र कितनी है, लेकिन अगर वह 16 वर्ष से कम उम्र की हुई, तो हैदर की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इंग्लैंड के कानून के अनुसार, बलात्कार के दोषी को 4 से 19 साल तक की सजा हो सकती है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने हैदर अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भारत के यश दयाल भी आरोपों के घेरे में
भारत के तेज गेंदबाज यश दयाल, जो आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए खेलते हैं, पर भी बलात्कार का आरोप लगा है। उत्तर प्रदेश के इस खिलाड़ी ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन वह पिछले तीन साल से आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में राजस्थान हाई कोर्ट ने यश दयाल को बड़ा झटका दिया, जब उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की याचिका खारिज कर दी गई। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है। इस मामले की अगली सुनवाई 22 अगस्त को होगी। इससे पहले, यश के खिलाफ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भी एक FIR दर्ज हुई थी, लेकिन तब उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया था। दोनों खिलाड़ियों के करियर पर अब खतरा मंडरा रहा है, और क्रिकेट प्रशंसक इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ेंः Ashes Series को लेकर क्या सच होगा मैकग्रा की भविष्यवाणी, कहा- 5-0 से जीतेगा ऑस्ट्रेलिया
