लखीमपुर खीरी : पुलिया से टकराई बाइक पानी भरे नाले में गिरने से युवक की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

गांव सुहेला में हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

रोशननगर, अमृत विचारः हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सुहेला में एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। काम से घर लौटते समय पुलिया से टकराकर युवक पानी भरे नाले में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मितौली थाना क्षेत्र के गांव खुर्दा निवासी प्रमोद कुमार (30) पुत्र तेजराम किसी निजी कार्य से बाइक से गोला गए थे। सुबह 10 बजे घर वापस लौटते समय गांव सुहेला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक समेत नाले में जा गिरे। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, लेकिन कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे राहगीरों की नजर पुलिया किनारे गिरी बाइक पर पड़ी। तब उन्होंने नीचे झांककर देखा तो युवक पानी में पड़ा था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची हैदराबाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए, जिनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। इस हादसे से खुर्दा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने बताया कि सुहेला की पुलिया जर्जर और संकरी है, जहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया की मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज