लगातार बारिश से अमौसी एयरपोर्ट की छत से टपका पानी, तो रख दिए टब
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ में शुक्रवार को भी कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। लगातार सात दिनों से हो रही बारिश से अमौसी एयरपोर्ट की छत टपकने लगी है। जिस के चलते पानी फर्श पर न गिरे इसके लिए निचे टब रख दिए गए।
अब इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने पर एयरपोर्ट अथॉरिटी की किरकिरी हो रही है। यही नहीं चारबाग स्टेशन पर भी प्लेटफॉर्म पर पानी टपक रहा है। मलिहाबाद में एक मकान ढह गया। लखनऊ में अब तक सामान्य से 3 फीसदी अधिक बरसात हुई है।
बीते गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 22.5 मिलीमीटर बरसात हुई। यह 24 घंटे में सामान्य बारिश 4.4 मिलीमीटर से 411 फीसदी अधिक है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने की संभावनाएं हैं।
8 वीं तक के स्कूल में छुट्टी
लखनऊ जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार सुबह भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यालयों में छुट्टी का आदेश जारी कर दिया। इस दौरान कई बच्चे स्कूल तक पहुंच गए थे तो कई को रास्ते से ही घर वापस लौटना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून पूरी तरह सक्रिय है। अगले कुछ दिनों तक बारिश होती रहेगी।
ये भी पढ़े : रक्षाबंधन 2025 : मिलावट के खिलाफ अभियान में 17 प्रतिष्ठानों पर छापा, 31 सैंपल भरे
