मुरादाबाद: बेटी की नौकरी लगवाने और जमीन दिलाने का झांसा देकर 23 लाख की ठगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से नौकरी और जमीन दिलाने के नाम पर करीब 23 लाख 92 हजार रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आराेपी महिला ने खुद को एक मंडलीय अधिकारी की बहन बताया था। रामपुर निवासी पीड़ित मुन्नीलाल ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद रामपुर के सिविल लाइंस निवासी मुन्नीलाल ने मुरादाबाद सिविल लाइंस पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि वर्ष 2021 में बेटे की खुदकुशी के बाद दो मंजिला मकान बेच दिया। मकान बेचने की प्रक्रिया के दौरान दुष्यंत कुमार नामक व्यक्ति से डील टूटने के बाद उन्होंने मकान साकेत कुमार सक्सेना को 80 लाख रुपये में बेच दिया।
इसी बीच उनकी परिचित रागिनी शर्मा निवासी रामपुर ज्वाला नगर सिविल लाइंस ने खुद को मुरादाबाद के एक अधिकारी की बहन बताते हुए बेटे द्वारा की गई खुदकुशी की पुलिस द्वारा की जा रही जांच बंद कराने और बेटी की नौकरी नगर निगम में लगवाने का भरोसा दिलाया। रागिनी ने पहले जांच खत्म कराने के लिए तीन लाख रुपये लिए।
बाद में बेटी की नौकरी के नाम पर तीन लाख 50 हजार रुपये, दीपावली गिफ्ट के नाम पर दो लाख रुपये, चार बीघा जमीन दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये, चकबंदी में मदद के नाम पर लाखों रुपये अलग-अलग लोगों के माध्यम से वसूल लिए। आरोप है कि सुशील शर्मा निवासी ताड़ीखाना मुरादाबाद, अख्तर चांदपुर कटघर, शमशाद और ब्रजपाल समेत कई लोगों ने रागिनी के साथ मिलकर रकम ली, लेकिन कोई भी काम नहीं किया।
रकम देने के गवाह अजय वर्मा और अब्दुल हैं। उसके पास रुपये देने के फोटो और वीडियो भी मौजूद हैं। आरोप है कि कुल 23,92,000 रुपये हड़पने के बाद अब आरोपी धमकी दे रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर पांच आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
