रक्षाबंधन पर बना रिकॉर्ड, सिर्फ 2 दिन में 50 लाख यात्रियों ने की बस यात्रा... प्रदेश की लाखों बहनों ने उठाया सरकार की नि:शुल्क यात्रा का लाभ

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा योजना ने इस बार यात्री संख्या के नए कीर्तिमान बनाए हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस सुविधा को देखते हुए रात 12 बजे तक इसके 75 लाख यात्रियों का रिकॉर्ड बनाने की संभावना है। परिवहन निगम के अनुसार इसमें 70 प्रतिशत तक वह यात्री हो सकते हैं, जिन्हें सरकार की ओर से निशुल्क यात्रा का लाभ दिया जा रहा है।

दरअसल, राज्य सरकार ने रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेश की माताओं और बहनों को बड़ी सौगात देते हुए 8 से 10 अगस्त तक परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया है। इसमें महिलाओं के साथ एक सहयात्री को भी यह सुविधा दी जा रही है। केवल 8 अगस्त को ही 19.5 लाख, 9 अगस्त को 31.7 लाख यात्रियों ने सफर किया।

3 दिनों में 75 लाख यात्रियों के सफर का अनुमान

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर के अनुसार सामान्य दिनों में निगम की बसों में प्रतिदिन 14-15 लाख यात्री सफर करते हैं, लेकिन इस बार रक्षाबंधन पर्व के शुरुआती दो दिनों में ही यह आंकड़ा 50 लाख से अधिक पहुंच गया। इनमें लगभग 70 प्रतिशत महिला यात्री थीं। सरकार की सुविधा का लाभ हिंदु समुदाय के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय की बहनों ने भी उठाया।

एमडी सरवर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस बार जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई गईं और सभी अनुबंधित बसों को भी संचालन में लगाया गया। प्रमुख बस स्टेशनों - गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, लखनऊ, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, कानपुर एवं इटावा पर यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए विशेष ड्यूटी और अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई।

चालक-परिचालकों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

एमडी ने यह भी बताया कि चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देने की योजना लागू की गई है, जिसमें 1800 किलोमीटर संचालन पूर्ण करने पर 1200 रु. का भुगतान और 6 दिनों तक लगातार कार्य करने पर अतिरिक्त 0.55 रु. प्रति किलोमीटर दिया जाएगा। वहीं तकनीकी कर्मचारियों को भी प्रतिदिन उपस्थित रहने पर एकमुश्त 500 रु. की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। संचालन व्यवस्था बेहतर बनाए रखने वाले कार्मिकों और पर्यवेक्षकों को भी 5000 रु. प्रति स्टेशन के हिसाब से सम्मानित किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः यूपी विधानसभा मानसून सत्र खत्म होने तक रास्ते बंद... लखनऊ में इन मार्गों पर लागू ट्रैफिक डायवर्जन, जानें पूरा प्लान

संबंधित समाचार