यूपी विधानसभा मानसून सत्र खत्म होने तक रास्ते बंद... लखनऊ में इन मार्गों पर लागू ट्रैफिक डायवर्जन, जानें पूरा प्लान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 11 अगस्त से शुरू होने वाला है और यह 16 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान लखनऊ में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विधायक और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों की उपस्थिति के कारण सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। साथ ही, विधानसभा मार्ग पर संभावित प्रदर्शन या धरने को ध्यान में रखते हुए शहर के 9 प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सड़कों पर तैनाती बढ़ा दी है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

किन मार्गों पर रहेगी पाबंदी और क्या होंगे वैकल्पिक रास्ते?

1. बंदरियाबाग चौराहा: इस चौराहे से विधानसभा की ओर जाने वाला यातायात बंद रहेगा। वाहन लालबत्ती, कैंट, गोल्फ क्लब या 1090 चौराहे के रास्ते जा सकेंगे।  

2. डीएसओ चौराहा: हजरतगंज या विधानसभा की ओर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा। यातायात को पार्क रोड-मेफेयर तिराहा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। 
 
3. रॉयल होटल चौराहा: इस चौराहे से हजरतगंज चौराहा या विधानसभा की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन कैसरबाग चौराहा, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा, चिरैयाझील, बर्लिंग्टन चौराहा या कैंट के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।  

4. संकल्प वाटिका पुल तिराहा: महानगर की ओर से आने वाली सभी रोडवेज और सिटी बसें सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज और विधानसभा की ओर से नहीं जा सकेंगी। ये बसें बैकुंठ धाम, 1090 (गांधी सेतु), बंदरियाबाग, लालबत्ती या फिर कैंट के रास्ते अपने निर्धारित स्थान पर जा सकेंगी।  

5. केकेसी तिराहा का रास्ता: चारबाग की ओर से आने वाली सभी रोडवेज और सिटी बसें हुसैनगंज चौराहा, रॉयल होटल चौराहा और विधानसभा की ओर नहीं जा सकेंगी। ये सभी बसें लोको चौराहा, कैंट या फिर बर्लिंग्टन चौराहा होकर कैसरबाग के रास्ते अपने-अपने गंतव्य तक जाएंगी।  

6. गोमतीनगर: गोमतीनगर से आने वाली रोडवेज और सिटी बसें सिकंदरबाग, हजरतगंज या विधानसभा की ओर नहीं जा सकेंगी। ये बसें बैकुंठ धाम, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील, 1090 (गांधी सेतु), बंदरियाबाग, लालबत्ती या फिर कैंट के रास्ते अपनी मार्ग पर जा सकेंगी।  

7. सिकंदरबाग चौराहा: इस चौराहे से हजरतगंज या विधानसभा की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन दैनिक जागरण चौराहा, बालू अड्डा, गांधी सेतु (1090) या चिरैयाझील के रास्ते आगे बढ़ सकेंगे।  

8. परिवर्तन चौक/हिन्दी संस्थान तिराहा: इस मार्ग से हजरतगंज चौराहा या विधानसभा की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन कैसरबाग, चिरैयाझील, संकल्प वाटिका, सिकंदरबाग, दैनिक जागरण चौराहा, गांधी सेतु (1090), गोल्फ क्लब, बंदरियाबाग, लालबत्ती या कैंट के रास्ते जा सकेंगे।  

9. डीएसओ चौराहा से सिसेंडी तिराहा: इस मार्ग से रॉयल होटल चौराहा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन हजरतगंज चौराहा, मेफेयर तिराहा या रॉयल होटल चौराहा से बर्लिंग्टन चौराहा और कैंट के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।  

आपातकालीन वाहनों को छूट  

डायवर्जन के बावजूद, एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति होगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ेंः 11 अगस्त : जब एक किशोर क्रांतिकारी हाथ में गीता लिए फांसी के फंदे पर झूल गया

संबंधित समाचार