लखीमपुर खीरी: स्कूटी की साइड लगने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। मामूली कहासुनी के बीच बात इतनी बढ़ गई दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया जिसमें तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय एक युवक की रास्ते में ही मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद दूसरा पक्ष परिवार सहित फरार हो गया। मौके पर …
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। मामूली कहासुनी के बीच बात इतनी बढ़ गई दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया जिसमें तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय एक युवक की रास्ते में ही मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद दूसरा पक्ष परिवार सहित फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली मैगलगंज के गांव ढखौरा निवासी विजय बहादुर सिंह परिवार सहित मैगलगंज कस्बे के रामनगर मोहल्ले में बने अपने नवनिर्मित मकान में रहते हैं। मंगलवार को विजय बहादुर सिंह का छोटा पुत्र पुष्कर सिंह (20) अपने मौसेरे भाई प्रशान्त सिंह पुत्र रविन्द्र सिंह के साथ स्कूटी पर सवार होकर मन्दिर जा रहा था। जैसे ही यह लोग चौखड़िया मार्ग पर पहुंचे तभी स्कूटी का साइड शीशा यहीं के निवासी सुमित गुप्ता पुत्र दिनेश गुप्ता के लग गया। जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई।
बताते हैं इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि सुमित व पुष्कर के बीच मारपीट होने लगी। तब पीछे बैठा प्रशांत दौड़कर पुष्कर के घर पहुंचा जहां उसने इस मारपीट की सूचना पुष्कर के पिता विजय बहादुर को दी। लेकिन जब तक विजय बहादुर मौके पर पहुंचे तब तक सुमित व उसके भाइयों ने पुष्कर को लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। जब विजय बहादुर ने अपने बेटे को पिटता देखा तो उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन विपक्षी लोगों की लाठी लगने से उनका भी सिर फट गया। जिससे दोनों लहूलुहान हो गए।
इस खूनी संघर्ष में सुमित गुप्ता भी घायल हो गया। जिसके बाद दोनों पक्ष अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। जहां पुलिस ने उपचार के लिए सुमित को पसगवां सीएचसी व पुष्कर को मितौली सीएचसी भेज दिया। इलाज के लिए जाते समय पुष्कर की रास्ते में मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
ढखौरा गांव से पुष्कर के दर्जनों पारिवारिक लोग पुष्कर के मकान पर एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत करने का प्रयास किया और लोगों से मामले की जानकारी ली। वहीं रास्ते मे पुष्कर की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
