मलेशिया में लखनऊ का स्वच्छता मॉडल प्रस्तुत करेगा नगर निगम, AGMF में LMC को मिला आमंत्रण

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ नगर निगम की टीम एशियन गवर्नर्स एंड मेयर फोरम (एजीएमएफ) में शामिल होने मलेशिया के कुआलालंमपुर गई है। महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव 10 से 15 अगस्त तक होने वाले सम्मेलन में लखनऊ की उपलब्धियां प्रस्तुत करेंगे। इस सम्मेलन में विभिन्न देशों के राज्यपाल, महापौर और शहरी प्रबंधन विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। भारत से लखनऊ सहित इन्दौर, पणजी और सूरज नॉलेज सिटी की श्रेणी में शामिल हैं। शिमला और काेयम्बटूर को प्रतिनिधि सूची में रखा गया है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न देशों और शहरों के बीच शहरी प्रबंधन, सतत विकास, जलवायु परिवर्तन से निपटने और नागरिक भागीदारी से जुड़े सफल मॉडलों का आदान-प्रदान करना है। इस मंच पर लखनऊ नगर निगम अपनी उपलब्धियों में कचरा निस्तारण, शिवरी सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, बायो-सीएनजी परियोजना, प्लास्टिक कचरे का पुनः उपयोग, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली, हरित क्षेत्र विस्तार और नागरिक सहभागिता आधारित स्वच्छता अभियानों को प्रस्तुत करेगा।

लखनऊ ने बीते वर्षों में घैला डंप साइट से 6.5 लाख टन विरासत कचरा हटाकर भूमि को पुनः उपयोग के लिए उपलब्ध कराया है। शिवरी में दशकों पुराने कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण कर आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट और ग्रीन बेल्ट विकसित की जा रही है। नगर निगम की योजनाओं ने लखनऊ को उत्तर प्रदेश का पहला नेट ज़ीरो वेस्ट डंप सिटी बना दिया है।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर लखनऊ का प्रतिनिधित्व करना हर लखनऊवासी के लिए गर्व की बात है। यह आमंत्रण हमारे शहर के हर नागरिक की मेहनत और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ का मॉडल अन्य देशों के लिए भी प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

ये भी पढ़े : निशुल्क बस सेवा के चलते शहर में भारी भीड़, धक्कामुक्की और घंटों इंतजार के बाद भी यात्रियों को नहीं मिली बसें

 

संबंधित समाचार