सकारात्मक संकेतों के बीच शेयर बाजारों में लौटी तेजी, 24,600 अंक के पार बंद हुआ निफ्टी
मुंबई। विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 एक बार फिर 24,600 अंक के पार बंद हुआ। बाजार में शुरू से ही लिवाली का जोर रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 304.32 अंक (0.38 प्रतिशत) की तेजी में 80,539.91 अंक पर पहुँच गया। निफ्टी-50 भी मंगलवार की तुलना में 131.95 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,619.35 अंक पर रहा ऑटो, फार्मा और धातु सेक्टरों में ज्यादा लिवाली हुई।
स्वास्थ्य सेवाओं, निजी बैंकों और रियलिटी सेक्टरों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांकों में गिरावट देखी गयी। सेंसेक्स में बीईएल का शेयर सबसे अधिक 2.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इटरनल में 2.08 फीसदी की तेजी रही। कोटक महिंद्र बैंक का शेयर 1.56 फीसदी, टाटा मोटर्स का 1.48 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.42 प्रतिशत चढ़ा।
पावर ग्रिड, भारती एयरटेल और सनफार्मा में भी एक प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। अडानी पोर्ट्स का शेयर सबसे अधिक 0.78 प्रतिशत गिर गया। आईटीसी में 0.58 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट में 0.46 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गयी। दिग्गज कंपनियों से ज्यादा भरोसा निवेशकों ने मझौली और छोटी कंपनियों में दिखाया।
एनएसई का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.89 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.66 प्रतिशत मजबूत हुआ। अन्य एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.30 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 2.58 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.48 फीसदी की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.81 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.11 प्रतिशत की तेजी में कारोबार कर रहा था।
ये भी पढ़े : बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच खुला कारोबार, बढ़त के साथ Sensex-Nifty में तेजी
