UP : किशोरी के अपहरण का आरोपी थाने से भागा...दौड़ाकर पकड़ने का CCTV हुआ वायरल
पीलीभीत,अमृत विचार। बरखेड़ा थाने में क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 27 जुलाई को एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि 02 जुलाई को उसकी तेरह वर्षीय पुत्री अचानक लापता हो गई थी। कई दिन तक रिश्तेदारी में तलाश की गई लेकिन पुत्री का कोई पता नहीं लग सका। इसके बाद जानकारी मिली कि बरेली जनपद के थाना दियोरनिया क्षेत्र के ग्राम रायपुरा खमरिया के निवासी सोहिल पुत्र शहीद अहमद अपने बहनोई बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी हसरत पुत्र मुन्ने की मदद से उनकी पुत्री को बहला फुसलाकर ले गया है।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इसी क्रम में नामजद आरोपी सोहिल को बरखेड़ा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उससे पुलिसकर्मी बुधवार सुबह पूछताछ कर रहे थे। बताते हैं कि इस दौरान लघुशंका जाने के बहाने पुलिस को चकमा देकर थाने से भाग गया। आरोपी को थाने से भागता देख थाना परिसर में खलबली मच गई।
आरोपी से थाने से भागता हुआ आसपास की गलियों में दौड़ा। पीछे से पुलिसकर्मी भी उसे पकड़ने के लिए दौड़ते रहे। पब्लिक के लोग भी पीछे दौड़े और पकड़ने का प्रयास किया। इसके अलावा रास्ते में मौजूद दो सफाई कर्मियों ने भी पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसके कुछ समय बाद पुलिस को सफलता मिली और आरोपी को पकड़ लिया। जिसके बाद राहत की सांस ली गई। मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। जिसके बाद थाना पुलिस से जानकारी की गई। फिलहाल अब पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
छिपाने में जुटे थे जिम्मेदार, सीसीटीवी ने खोल दी पोल
इस घटना के बाद भले आरोपी कुछ देर बाद पुलिस ने वापस पकड़ लिया हो। शुरुआत में थाना पुलिस इस लापरवाही पर पर्दा डालने में जुटी रही। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार बिश्नोई ने पहले टाला और फिर भागने का प्रयास करने की बात कही। ये भी तर्क दिया कि उसे थाना गेट के पास ही पकड़ लिया था। मगर, थाना पुलिस का ये सफेद झूठ उस वक्त उजागर हो गया जब जिस गली में होते हुए आरोपी भागा था और पुलिस पकड़ने के लिए पीछे दौड़ रही थी। इससे जुड़ा सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया। जिसके बाद काफी फजीहत भी हुई।
पुलिस की लापरवाही पर बैठाई गई जांच
किशोरी को अगवा करने के आरोपी के थाने से फरार होने के मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी उजागर हुई है। थाना स्तर पर जिम्मेदार भले इस बात को स्वीकार न करें,लेकिन कही न कहीं बड़ी लापरवाही रही। इसका शोर मचने के बाद अब इसे लेकर भी जांच बैठा दी गई है।
एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि बरखेड़ा क्षेत्र में दर्ज एक मुकदमे के नामजद आरोपी से पूछताछ की जा रही थी। इस दौरान उसने थाने से भागने की कोशिश की थी, जिसे पकड़ लिया गया है। पुलिसकर्मियों की लापरवाहीर को लेकर भी जांच कराई जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे। सख्त एक्शन लिया जाएगा।
