बरेली: मानवीयता के लिए तोड़े नियम, ट्रेन रोक कर मां-बच्चे की बचाई जान
बरेली,अमृत विचार। रेलवे के नियम कानूनों से कौन वाकिफ नहीं है। नियम तोड़ने पर रेलवे में कार्रवाई भी सख्ती के साथ की जाती है मगर कोई भी नियम किसी की जिंदगी से बढ़कर नहीं होता। बात जब किसी बेकसूर की जान पर बन आए तो नियम तोड़ना ही बेहतर होता है। कुछ ऐसा ही बरेली …
बरेली,अमृत विचार। रेलवे के नियम कानूनों से कौन वाकिफ नहीं है। नियम तोड़ने पर रेलवे में कार्रवाई भी सख्ती के साथ की जाती है मगर कोई भी नियम किसी की जिंदगी से बढ़कर नहीं होता। बात जब किसी बेकसूर की जान पर बन आए तो नियम तोड़ना ही बेहतर होता है। कुछ ऐसा ही बरेली जंक्शन पर रेलवे के एक गार्ड ने किया। गार्ड की इस सूझ-बूझ ने सिर्फ एक बल्कि दो जिंदगियां बचाईं। ट्रेन रुकने के बाद उस मां और बच्चे को ट्रेन में बैठाया गया। इसके बाद ट्रेन रवाना की गई।
दरअसल, मंगलवार को जम्मू तवी से हावड़ा जाने वाली 02332 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 11:44 बजे जंक्शन पर पहुंची। ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर एक पर रोका गया। अपने निर्धारित समय दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 11:46 बजे जंक्शन से रवाना हो रही थी। इसी बीच एक महिला यात्री और उसका छोटा बच्चा भागते हुए प्लेटफार्म तक पहुंचे। महिला चिल्लाकर बोली ‘मेरी ट्रेन छूट गई’, वह ट्रेन को पकड़ने के लिए बच्चे के साथ उसके पीछे भागने लगी। ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी।
जब गार्ड ने महिला यात्री को बच्चे के साथ प्लेटफार्म पर भागते देखा तो हादसे की आशंका और मानवता के नाते उसने तुरंत वॉकीटॉकी से लोको पायलट को संदेश दिया। ट्रेन रोकने के लिए कहा। ट्रेन रुकने के बाद महिला और उसके बच्चे को ट्रेन में बैठाकर ट्रेन को रवाना किया गया। गार्ड की इस सूझ-बूझ से मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफार्म पर बच्चे के साथ भागते वक्त कुछ भी हो सकता था। जंक्शन पर मौजूद लोगों ने गार्ड की सूझ-बूझ की काफी तारीफ की। महिला के साथ आए परिजनों ने भी गार्ड का धन्यवाद अदा करते हुए कहा कि उनकी वजह से आज हादसा बचा है।
