भारत का विभाजन हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की ‘जुगलबंदी’ का परिणाम: कांग्रेस
नई दिल्लीः कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि भारत का विभाजन हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की आपसी जुगलबंदी के कारण हुआ। इसके साथ ही, उसने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने और संस्थानों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को देश के इतिहास का "सबसे बड़ा खलनायक" करार देते हुए कहा कि भावी पीढ़ियां इसके कृत्यों को कभी माफ नहीं करेंगी।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर एक विशेष पाठ जारी किया, जिसमें भारत के बंटवारे के लिए मोहम्मद अली जिन्ना, कांग्रेस और तत्कालीन वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन को जिम्मेदार ठहराया गया। कांग्रेस के प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा ने कहा कि इस पाठ में हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग द्वारा संयुक्त रूप से गठबंधन सरकार बनाने और विभाजन से पहले यह प्रचार करने की बात को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया कि "हिंदू और मुसलमान एक राष्ट्र में साथ नहीं रह सकते।"
एनसीईआरटी की किताब पर सवाल उठाते हुए खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, "विभाजन हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की सांठगांठ का नतीजा था। अगर इतिहास में कोई सबसे बड़ा खलनायक है, तो वह आरएसएस है। आने वाली पीढ़ियां इसके कृत्यों को कभी नहीं भूलेंगी।" उन्होंने आगे कहा, "जिस तरह से वे संस्थानों में दखल दे रहे हैं और इतिहास को तोड़-मरोड़ रहे हैं, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। क्या वे 1938, 1940 और 1942 के ऐतिहासिक तथ्यों को मिटा सकते हैं?"
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि लालकृष्ण आडवाणी ने मोहम्मद अली जिन्ना की मजार पर श्रद्धांजलि दी थी, क्योंकि हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग "विभाजन की मांग में एकजुट थे।" खेड़ा ने बताया कि 1938 में हिंदू महासभा ने गुजरात के साबरमती तट पर अपने वार्षिक सम्मेलन में स्पष्ट रूप से कहा था कि हिंदू और मुसलमान एक देश में साथ नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि 1940 में मुस्लिम लीग ने लाहौर अधिवेशन में इस विचार को आगे बढ़ाया, लेकिन एनसीईआरटी के पाठ में इसका कोई जिक्र नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल उठाया, "जब 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ, तब कांग्रेस नेताओं ने प्रांतीय विधानसभाओं से इस्तीफा दे दिया और सड़कों पर उतर आए। उस समय हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग ने मिलकर उत्तर-पश्चिम सीमांत प्रांत, बंगाल और सिंध में गठबंधन सरकारें बनाईं।" उन्होंने पूछा, "क्या एनसीईआरटी के पाठ में यह उल्लेख है कि हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग ने संयुक्त रूप से सरकारें बनाई थीं?"
खेड़ा ने जोर देकर कहा, "अगर इस किताब में ऐतिहासिक सत्य नहीं लिखा गया है, तो ऐसी किताब को जला देना चाहिए।"
