PCB ने की 2025 एशिया कप के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम की घोषणा, बाबर आजम और रिजवान को नहीं मिली जगह, इस खिलाड़ी को सौंपी गई कप्तानी
Asia Cup 2025: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 2025 में होने वाले एशिया कप और यूएई में आयोजित होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए अपनी 17 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार टीम में प्रमुख बल्लेबाज बाबर आजम और वनडे कप्तान मोहम्मद रिजवान को शामिल नहीं किया गया है। सलमान अली आगा को दोनों टूर्नामेंट्स के लिए कप्तान नियुक्त किया गया है। वह इस साल की शुरुआत से ही टी20 टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
बाबर और रिजवान को बाहर रखने का फैसला
पूर्व कप्तान बाबर आजम और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को यूएई त्रिकोणीय सीरीज और एशिया कप की टीम में जगह नहीं दी गई है। कई खबरों में संभावना जताई जा रही थी कि ये दोनों दिग्गज खिलाड़ी टी20 टीम में वापसी कर सकते हैं, लेकिन पीसीबी ने उन्हें बाहर रखकर सबको चौंका दिया है। बाबर आजम ने आखिरी बार दिसंबर 2024 में पाकिस्तान के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, और रिजवान भी उसी समय टी20 में नजर आए थे।
सलमान अली आगा को कमान, युवा खिलाड़ियों पर भरोसा
एशिया कप के लिए सलमान अली आगा को कप्तानी सौंपी गई है। वह इस साल की शुरुआत से टी20 टीम की अगुवाई कर रहे हैं। पीसीबी ने इस बार युवा प्रतिभाओं पर ज्यादा ध्यान दिया है। बल्लेबाजी में सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस और हसन नवाज जैसे युवा चेहरों को मौका मिला है। इसके अलावा कप्तान सलमान अगा और अनुभवी बल्लेबाज फखर जमान भी टीम का हिस्सा हैं।
तेज गेंदबाजी और स्पिन आक्रमण
तेज गेंदबाजी विभाग में शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ जैसे स्टार गेंदबाजों को शामिल किया गया है। उनके साथ मोहम्मद वसीम और उभरते हुए तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा भी टीम में हैं। स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद नवाज, सुफियान मुकीम और अबरार अहमद को दी गई है।
2025 एशिया कप और यूएई त्रिकोणीय सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), सईम अयूब, सलमान मिर्जा, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम, साहिबजादा फरहान, शाहीन शाह अफरीदी, सुफियान मुकीम।
यह भी पढ़ेंः 'वोट चोरी' के आरोप पर चुनाव आयोग का जवाब- 'हमारे लिए ना कोई पक्ष, ना विपक्ष... सब समकक्ष
