लखीमपुर खीरी : कनाडा का वीजा दिलाने के नाम पर युवती से 18 लाख ठगे
निघासन/सिंगाही। कनाडा का वीजा दिलाने के नाम पर एक युवती से 18 लाख रुपये ठगने और शारीरिक संबंध बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पंजाब निवासी एक युवती ने बताया कि वह कनाडा जाने के लिए वीजा बनवाना चाहती थी, लेकिन कुछ कारणों से उसका वीजा नहीं लग पा रहा था। इस दौरान सिंगाही के एक रिश्तेदार ने उसे वीजा दिलाने के लिए एक तांत्रिक का नंबर दिया। आरोप है कि तांत्रिक ने फोन पर उसे झांसे में लेकर बुलाया और अपने खाते में 18 लाख रुपये मंगवा लिए।
इसके बाद उसने युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसके साथ शादी की। इसके बाद वह आरोपी के साथ दिल्ली भी गई, लेकिन वहां जाकर पता चला कि आरोपी ने किसी और महिला से भी शादी कर रखी है।
एक सप्ताह पहले जब युवती ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने देने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने मामले की जानकारी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह, पूर्व प्रधान तरजिंदर सिंह और पूर्व प्रधान पम्मी सिंह को दी।
तीनों जनप्रतिनिधियों की पहल पर थाना सिंगाही पुलिस ने आरोपी रवींद्र जैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसओ सिंगाही अजीत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
