बदायूं : फेसबुक पर बताया जान का खतरा, दी जान
गाली-गलौज का विरोध करने पर एक परिवार के लोगों ने की थी मारपीट
उघैती, अमृत विचार : परिवार के दो पक्षों में मारपीट और गाली गलौज का विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट की गई। अगले दिन युवक का शव गांव के पास पेड़ से फंदे से लटका मिला। युवक ने फेसबुक आईडी पर आरोपियों से जान से मारने का खतरा बताते हुए पोस्ट की थी। युवकों के परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
शनिवार रात थाना उघैती क्षेत्र के गांव सदरुद्दीन नगर निवासी एक परिवार के लोग शराब पीकर मोहल्ले में गाली गलौज कर रहे थे। मामला मारपीट तक पहुंच गया। गांव निवासी जितेंद्र (24) ने गालियां देने का विरोध किया। इस परिवार के लोगों ने जितेंद्र के पिटाई लगा दी। मारपीट की घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत हो गया।
देर रात जितेंद्र ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक फोटो पोस्ट किया। इसमें गांव निवासी श्रीपाल, दिनेश, कुलदीप, मनजीत से अपनी जान को खतरा बताया। फेसबुक पोस्ट के बाद आरोपियों ने भी पुलिस को तहरीर देकर झूठे मुकदमे में फंसाने की आशंका जताई। रविवार की सुबह तक जितेंद्र का कोई सुराग नहीं लगा, तब परिजनों ने जंगल में तलाश शुरू की। तभी किसी ग्रामीण ने सूचना दी। मृतक जितेंद्र का शव जंगल में एक पेड़ पर लटका मिला। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों का आरोप है, जितेंद्र को आरोपी अपने साथ बुलाकर ले गए। उन्होंने हत्या करके शव लटकाया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
