Shalini Fellowship Program : फेलोशिप के तीसरे बैच के लिए हुई लिखित परीक्षा, 131 छात्राओं ने लिया भाग

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी: अमृत विचार। ताराश्री फाउंडेशन द्वारा संचालित उदयन शलिनी फेलोशिप कार्यक्रम की तीसरी बैच के चयन की प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा हुई। यह कार्यक्रम वर्ष 2023 में जिले में आरम्भ हुआ था, जिसके अंतर्गत अब तक कुल 61 होनहार छात्राएं चयनित की जा चुकी हैं। यह फेलोशिप पांच वर्षों की अवधि की है, जिसके अंतर्गत चयनित छात्राओं को प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाती है। 

इसके अतिरिक्त, उन्हें अनुभवी परामर्शदाताओं द्वारा उच्च शिक्षा, जीवन कौशल और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। मासिक कार्यशालाओं, सामाजिक कार्यों में भागीदारी तथा सर्वांगीण विकास हेतु कैंपों के माध्यम से छात्राओं को संबल प्रदान किया जा रहा है। तीसरी बैच के चयन की प्रक्रिया जुलाई माह से प्रारंभ हुई, जिसमें पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चार चरणों में चयन किया जा रहा है। 

आवेदन पत्रों की जांच के बाद लिखित परीक्षा का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) बाराबंकी और जीजीआईसी सतरिख में किया गया। इस बार जिले के पांच इंटर कॉलेजों से कुल 157 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 131 छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। 

चयन प्रक्रिया में शामिल विद्यालयों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज, जमीलउर्रहमान किदवाई गर्ल्स इंटर कॉलेज, जीजीआईसी सतरिख, एवं जनपद इंटर कॉलेज, हरख शामिल हैं। परीक्षा के दौरान ताराश्री फाउंडेशन की संस्थापिका सुश्री विभा, सह-संस्थापक राजीव, ममता, गुंजन, डॉ. स्नेहलता और कुसुम उपस्थित रहे। साथ ही प्रथम सत्र की चयनित छात्राएं लक्ष्मी, कृतिका, संजना, हांसिका, संध्या देवी एवं अनुपमा भी उपस्थित रहीं।

ये भी पढ़े : ये है UP का सबसे सुंदर गांव, जिसे मिलेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मान; ICRT अवार्ड 2025... भारत-नेपाल सीमा से सटा है इलाका

संबंधित समाचार