शाहजहांपुर : खुटार के मजदूर का शव ड्रम में भरा मिला, परिजन बदहवास होकर पहुंचे राजस्थान
पत्नी, बच्चे लापता, पुलिस कर रही तलाश
खुटार, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव नवदिया नवाजपुर निवासी हंसराम उर्फ सूरज (34) की राजस्थान में निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव पुलिस ने नीले ड्रम में बरामद किया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पैतृक गांव में मातम पसर गया। परिजन बदहवास होकर चीखने लगे और सोमवार सुबह शव लेने के लिए राजस्थान रवाना हो गए।
पिता खेमकरन ने बताया कि लगभग 5 वर्ष पूर्व उनका बेटा हंसराम अपने छोटे भाई गौतम कश्यप के साथ मजदूरी करने घर से निकला था। शुरू में दोनों भाई गुड़गांव के एक भट्टे पर काम करते थे। करीब डेढ़ साल पहले हंसराम ने छोटा भाई गौतम को वहीं छोड़ दिया और खुद अपनी पत्नी सुनीता व तीन बच्चों 12 वर्षीय हर्षल, 4 वर्षीय नंदिनी और डेढ़ साल के बिट्टू को लेकर राजस्थान के खैरथल तिजारा थाना क्षेत्र के किशनगढ़ बास की आदर्श कॉलोनी में भट्टे पर बेलदारी का काम करने लगा। वहीं उसने किराए के मकान में परिवार को बसाया था। रक्षाबंधन से दो दिन पूर्व हंसराम ने अपने गांव फोन कर परिजनों का हालचाल लिया और जल्द ही परिवार सहित घर आने का भरोसा दिया। त्योहार बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन मिलाया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। करीब पांच दिन तक फोन बंद रहने से परिजनों को चिंता सताने लगी।
देर रात खुटार पुलिस ने सूचना दी कि राजस्थान में हंसराम की हत्या कर दी गई है और उसका शव नमक डालकर गलाने के लिए ड्रम में रखा गया था। सूचना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पिता खेमकरन, मां उर्मिला और ग्रामीण चीखते-चिल्लाते हुए बेहोश हो गए। सोमवार सुबह खेमकरन गांव के ही रमेश बीडीसी और कल्लू पासी के साथ राजस्थान के लिए रवाना हो गए। छोटा बेटा गौतम कश्यप भी गुड़गांव से घटनास्थल के लिए निकल चुका है। खेमकरन ने बताया कि उनके दो ही बेटे हैं जिनमें बड़ा हंसराम परिवार का पालन-पोषण कर रहा था और अब छोटे बेटे गौतम कश्यप पर घर की पूरी जिम्मेदारी आ गई है। घर की आर्थिक हालत भी खराब बताई जा रही है।
