अयोध्या: 'हनुमत पथ' रामभक्तों की यात्रा को बनाएगा सुगम, जिलाधिकारी ने सरकार को भेजा डीपीआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं व रामभक्तों को रामलला एवं हनुमंत लला के दर्शन करने में भीड़ का सामना न करना पड़े इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, हनुमान गढ़ी मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से प्रयास कर राममंदिर एवं हनुमानगढ़ी को जोड़ने के एक नया कॉरिडोर हनुमत पथ बनायेगा, जिसके लिए जिला प्रशासन ने संबंधित पक्षों एवं मार्ग में पड़ने वाले मंदिर के श्रीमहंतों को बातचीत कर मना लिया है।

अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे ने बताया कि हनुमान गढ़ी और श्रीराम मंदिर को जोड़ने के लिए हनुमत पथ का डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को स्वीकृत करने के लिए भेज दिया गया है और इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र एवं हनुमान गढ़ी मंदिर प्रबंधन से बातचीत करके को भी हनुमत पथ निर्माण कार्य में बाधा आ रही थी उसको हल कर लिया गया है।

हनुमत पथ बनने से जो राममंदिर और  हनुमानगढ़ी को जोड़ने वाले मुख्यमार्ग रामपथ पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है और मार्ग को डाइवर्जन करना पड़ता है उससे निजात मिलेगी और निर्बाध गति से श्रद्धालु आ जा सकते हैं। राममंदिर दर्शन करने के बाद जो श्रद्धालु अभी हनुमान गढ़ी मंदिर पर दर्शन करने के लिए जाते हैं उनको राममंदिर के मुख्य द्वार से निकल कर रामपथ पर आना पड़ता है और रामपथ से ही श्रृंगार हाट बैरियर होते हुए हनुमान गढ़ी मंदिर दर्शन के लिए जाना पड़ता है।

यही स्थिति हनुमान गढ़ी मंदिर से राममंदिर जाने पर बनती है। जिसके कारण राममंदिर और हनुमान गढ़ी मंदिर के बीच पड़ने वाले रामपथ के हिस्से में हमेशा भीड़ रहती हैं और कभी कभी भीड़ के कारण यातायात प्रतिबंध भा रामभक्तों को झेलना पड़ता है। हनुमत पथ बनने के बाद राममंदिर दर्शन के बाद भक्त सीधे इसी पथ से हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंच जायेगे। जो भीड़ रामपथ पर श्रद्धालुओं की बढ़ जाती हैं वह नियंत्रित हो जाएगी। 

श्रद्धालु आराम से हनुमान गढ़ी मंदिर पर हनुमंत लला का दर्शन पूजन करने के बाद राममंदिर पहुंच जायेगे।  यही नहीं इस मार्ग के बनने से बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा जिससे दुकानदारों को फायदा होगा। इसके साथ साथ राममंदिर और हनुमान गढ़ी के बीच की दूरी बहुत कम हो जाएगी, जिससे आराम से भक्त दर्शन भी कर सकेंगे।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को हनुमान जी का और रामलला का सुगम दर्शन हो सरलता से वह पहुंच सके इसके लिए ट्रस्ट हमेशा प्रयासरत रहता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और संबंधित लोगों से समन्वय बनाने का प्रयत्न किया जाता है।

अयोध्या व्यापार मंडल के महामंत्री एवं पूर्व पार्षद नन्द लाल गुप्ता ने कहा कि भीड़ के चलते हमेशा अयोध्या को यातायात प्रतिबंध झेलना पड़ता है। व्यापार प्रभावित होता है। हनुमत पथ बनने से जो भीड़ का भार अकेले रामपथ पर पड़ता है वह कम हो जाएगा, भीड़ बंट जायेगी और एक नया पथ बनने से रोजगार भी बढ़ेगा नई दुकानों का निर्माण होगा।

संबंधित समाचार