बाराबंकी: चकबंदी कार्यों में लाएं रफ्तार और पारदर्शिता, जिलाधिकारी ने दी सख्त हिदायत
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक की। डीएम ने उप संचालक चकबंदी (डीडीसी) आलोक कुमार श्रीवास्तव व अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में जनपद में संचालित चकबंदी कार्यों की धरावार प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चकबंदी कार्य मिशन मोड में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं, ताकि किसानों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे। भदरास, मवइया, रसूलपुर व कान्हीपुर गांवों में चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए, वहीं सहावर, बिजौली, डिंगरी और बच्छराजमऊ की प्रगति पर संतोष जताया। लाही, बबुआपुर, ओदार, जासेपुर, सलेमाबाद समेत अन्य गांवों में भी समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
पुराने चकबंदी मुकदमों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने मेरिट के आधार पर प्राथमिकता से निपटारा सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में एसओसी संजय कुमार विश्वास, चकबंदी अधिकारी बीके मिश्रा, सुरेश कुमार शर्मा एवं सहायक चकबंदी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
