बदायूं: ट्रैक्टर पलटने से नीचे दबकर किसान की हुई दर्दनाक मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुंवरगांव, अमृत विचार। सिविल लाइन कोवताली क्षेत्र में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक किसान की मौत हो गई। वह ट्रैक्टर ठीक करवाने जा रहे थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव मोंगर निवासी महेश (56) पुत्र केदार खेती करते थे। बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे वह ट्रैक्टर सही कराने के लिए सिविल लाइन क्षेत्र के गांव मोंगर से शिकरापुर मार्ग से बदायूं आ रहे थे। रास्ते में उनका ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। अचानक सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गया। महेश ट्रैक्टर के स्टेयरिंग में फंस गए। आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर के चारों पहिया ऊपर और महेश नीचे दबे थे।

ग्रामीणों ने खासी मशक्कत के बाद उन्हें नीचे से बाहर निकाला और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई जो समय पर नहीं पहुंची तो पुलिस अपनी गाड़ी से किसान को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सक ने महेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। 

परिजनों में चीत्कार मचा है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस जगह पर हादसा हुआ था वहां खेत में किनारे से निजी नलकूप के पाइपलाइन का गहरा गड्ढा हो गया है। अनियंत्रित ट्रैक्टर का अगला पहिया उसी गड्ढे में चला गया था। जिससे ट्रैक्टर पलट गया। शहीद भगत सिंह चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

संबंधित समाचार