Bareilly: दर्दनाक...स्कूल वैन ने तीन साल के मासूम को रौंदा, मौत के बाद परिवार में कोहराम
बरेली, अमृत विचार। भुता में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक स्कूल वैन ने तीन साल के मासूम को रौंद दिया। जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।
मामला भुता थाना क्षेत्र के ग्राम गजनेरा का है, गांव के पास सुबह करीब सात बजे एक स्कूल वैन बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थी। सड़क किनारे तीन साल का चिराग भी खड़ा हुआ था। जिसको स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में चिराग गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिवार के लोग मासूम को अस्पताल लेकर भागे, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर भी डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मासूम की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
