Moradabad : 18 करोड़ से सुधरेगी पेयजल आपूर्ति, 82.46 किलोमीटर बिछेगी पाइपलाइन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलारी, अमृत विचार। नगर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुधारने के लिए नई परियोजना के तहत कार्य की शुरुआत हुई है। अमृत 2. कार्यक्रम के तहत पालिका 18 करोड़ की लागत से पेयजल योजना की शुरुआत कर रही है। इसे लेकर बुधवार को भूमि पूजन कार्यक्रम हुआ। कर्बला रोड पर पालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव, एसडीएम विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम मोहित राय आदि ने विधिवत रूप से पूजन कराकर कार्य योजना की शुरुआत कराई। वहीं रिबोर कार्य भी शुरू कराया गया।

कर्बला रोड पर चिन्हित नगर पालिका की जगह पर अमृत 2. कार्यक्रम के तहत 18 करोड़ की लागत से पेयजल योजना की पूजन के साथ शुरुआत हुई, बताया गया कि बिलारी नगर में कुल 3 जोन में कार्य कराया जाएगा। जिसके तहत 7929 जल संयोजन कनेक्शन दिए जाएंगे। चिन्हित स्थलों पर दो ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। जिसमें एक ओवरहेड टैंक 1700 किलो लीटर जबकि दूसरा 500 किलो लीटर का होगा। नगर की पेयजल आपूर्ति को सुधारने के लिए पूरे नगर में पाइपलाइन दोबारा बिछाई जाएगी। 

जिसमें 82.46 किलोमीटर पेयजल की पाइपलाइन नगर में बिछाई जाने का कार्य किया जाना है। पालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव ने पूजन कार्यक्रम के बाद बताया कि पूरे नगर को भरपूर आपूर्ति होगी। ओवरहेड टैंक की वजह से सप्लाई होने से ऐसे स्थान पर भी जल आपूर्ति पहुंचेगी। जहां अभी तक पानी पहुंचाने में समय अनुरूप किल्लत होती थी। उसके किल्लत को दूर करने के लिए दो ओवरहेड टैंक से पानी का प्रेशर बढ़ जाएगा। आगे 24 घंटे जल आपूर्ति की भी योजना है। ट्यूबवेल का भी निर्माण किया जाना है। इस मौके पर मुख्य रूप से अवर अभियंता जल निगम आमिर हुसैन, अवर अभियंता जल निगम गौरव राय,जलकर एवं राजस्व मौर्य प्रभारी जलकर हुकुम सिंह, मोहम्मद समी रजनीश प्रताप सिंह आदि के अलावा पालिका का स्टाफ मौके पर मौजूद रहा।

संबंधित समाचार