Moradabad : बिजली विभाग का पेट्रोलमैन रिश्वत लेते गिरफ्तार, लिपिक फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल की ट्रैप टीम ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने बिजली विभाग के संविदा कर्मी पेट्रोलमैन को 5,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया, जबकि इस पूरे खेल में शामिल एक लिपिक मौके से फरार हो गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद इकाई प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद इश्तियाक के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकुश शर्मा निवासी लाकड़ी फाजलपुर थाना मझौला के रूप में हुई। बताया गया कि अंकुश वर्ष 2019 से संविदा पेट्रोलमैन के पद पर विद्युत वितरण उपखंड जीआईसी मुगलपुरा में कार्यरत है। वहीं शिकायतकर्ता अफजाल हुसैन पुत्र अनवार हुसैन निवासी मुगलपुरा ने बताया कि उन्होंने घरेलू बिजली कनेक्शन 2 किलोवाट के लिए आवेदन किया था। 

मीटर लगाने व कनेक्शन जल्द उपलब्ध कराने के एवज में अंकुश शर्मा व लिपिक राजीव सैनी द्वारा 5,500 की रिश्वत मांगी गई थी। इसके बाद उन्होंने एंटी करप्शन की टीम से इसकी शिकायत की। गुरुवार दोपहर लगभग 12:15 बजे ट्रैप टीम ने कार्यालय विद्युत वितरण उपखंड जीआईसी मुगलपुरा के परिसर में राजीव सैनी के कक्ष के अंदर यह कार्रवाई की। जहां अंकुश शर्मा को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि राजीव सैनी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी को थाना मुगलपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

संबंधित समाचार