UP : पुलिस मुस्तैदी दिखाती तो बच जाती अफसर अली की जान ! दामाद ने की थी गोली मारकर हत्या
रामपुर/मिलक। मिलक थाना क्षेत्र के सिलई बड़ा गांव में थाना पुलिस की लापरवाही से अफसर अली की जान चली गई, पीड़ित पक्ष ने ये आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष के लोग घटना से पहले बड़ा मिलक चौकी पहुंचे थे। वहां पुलिस ने उन्हें ससुराल भेजकर कुछ देर बाद आने की बात कह दी, इतनी देर में दामाद नदीम ने ससुर अफसर अली, सास शन्नो और अख्तरी सहित अन्य ससुरालियों पर फावड़े से हमला करते हुए तमंचे से फायरिंग कर डाली।
पोस्टमार्टम के अनुसार ससुर अफसर अली की गोली लगने से मौत हुई है। जबकि सास शन्नो और उनकी ननद अख्तरी की हालत बेहद नाजुक है। मिलक पुलिस की चूक की कीमत अफसर अली को जान गंवाकर देनी पड़ी। गुरुवार को हत्या के आरोपी मां रुखसाना और बेटे नदीम को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों जेल चले गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही से हत्या हुई है। अगर पुलिस उसी समय उनके साथ चली जाती तो शायद अफसर अली जिंदा होते। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से आलाकत्ल भी बरामद किया।
जिला मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के गांव सिरसखेड़ा निवासी अफसर अली ने अपनी इकलौती पुत्री अरमाना की शादी वर्ष 2020 में सिलई बड़ा गांव निवासी नदीम से की थी। नदीम दिल्ली में एक सैलून में काम करता है। शादी के बाद से ही कार को लेकर ससुराली और मायके पक्ष में विवाद चला आ रहा था। मृतक के भतीजे रफी ने बताया कि अरमाना का फोन आने के कारण हम लोग उसको बुलाने के लिए ससुराल गए थे। मिलक के बड़ा मिलक चौकी में जाकर पुलिस को सारे मामला बताकर उनको साथ चलने को कहा था, लेकिन पुलिस ने कुछ देर बाद आने को कहा था।
जब वो अरमाना को लेने पहुंचे तो नदीम ने देखते ही अपने ससुर अफसर अली पर गोली चला दी। बाद में फावड़े से हमला करके मौत के घाट उतार दिया। गोली लगने से घायल फरमाना की मां और उसके एक और रिश्तेदार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नदीम, कदीम, मां रुखसाना सहित पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो गोली लगने से अफसर अली की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बेटे नदीम और मां रुखासाना को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। वहां से दोनों जेल चले गए। पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद किया है।
