लखनऊ : भाजपा नेता के घर धावा, दबाया गला, भरे 26 लाख के जेवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार । चिनहट के सराय शेख स्थित देवराजी विहार में नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े भाजपा की मंडल अध्यक्ष प्रेमलता सिंह के घर धावा बोला। मुख्य द्वार का ताला तोड़कर बदमाशों ने अलमारियों और लॉकर तोड़कर 1.40 लाख रुपये और करीब 25 लाख जेवर समेत अन्य माल बटोर लिए। इस बीच प्रेमलता स्कूल से पौत्र को लेकर घर पहुंची तो आहट सुनकर बदमाश भागे। उन्होंने पकड़ने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने गला दबाते हुए धक्का देकर गिरा दिया। उसके बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले तो बाइक सवार तीन बदमाश कैद मिले। बदमाशों की तलाश में सर्विलांस समेत तीन टीमें छापेमारी कर रही हैं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेमलता सिंह उर्फ शीलू सिंह देवराजी विहार में परिवार के साथ रहती हैं। मंगलवार दोपहर बेटा और बहू नेहा सिंह घर के बाहर गए थे। मुख्य द्वार पर वह लॉक लगाकर चिनहट आरएलबी स्कूल में पढ़ने वाले अपने पौत्र को लेने गई थी। करीब 12:45 बजे वह पौत्र को लेकर लौटी। गेट खोलकर जैसे ही अंदर पहुंची तो कुछ आहट सुनायी दी। उन्हें लगा कि शायद किराएदार का बच्चा है।

आवाज दी तो एक नकाबपोश दरवाजा खोलकर बोला कि काम करने आए हैं। यह देख वह चौंक गयी। अंदर गयी तो दो बदमाश कमरे से निकलकर भागने लगे। एक बदमाशा बाउंड्रीवाल फांदकर भाग गया। पीठ पर बैग टांगे बदमाश को प्रेमलता ने पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उनका गला पकड़कर दबाया। फिर धक्का देकर गिरा दिया। बेसुध हालत में किसी तरह वह उठी। पौत्र के शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग दौड़े। दोनों बदमाश कुछ दूर पर खड़े अपने बाइक सवार तीसरे साथी के साथ भाग निकले।

घटना की जानकारी डॉयल-112 पर दी गई। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। छानबीन के बाद पीड़िता प्रेमलता ने बताया कि बदमाश आलमारी व तिजोरी का लॉक तोड़कर करीब 250 ग्राम सोने के जेवर, 1.40 लाख रुपये, चांदी का सामान, मोबाइल व कीमती कपड़े ले गए हैं। पुलिस ने आस पड़ोस और मुख्य मार्ग पर लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले तो बाइक सवार तीन बदमाश भागते दिखे। पुलिस फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि बदमाशों को इस बात की जानकारी थी कि घर में दोपहर में कोई नहीं है। ऐसे में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े : उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने किया नामांकन, INDIA गठबंधन के तमाम बड़े नेता मौजूद

संबंधित समाचार