बरेली : मेरठ निवासी सिपाही ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में प्रेम-प्रसंग की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

तीन अन्य साथी सिपाहियों के साथ किराये के मकान में रहता था शिव कुमार

बरेली, अमृत विचार : बिथरी चैनपुर थाने में तैनात मेरठ जिले के खाता गांव थाना फलावदा निवासी शिव कुमार (26) गुरुवार शाम चार बजे कमरे में गमछे के सहारे पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। साथ मे रह रहे अन्य सिपाहियों ने देखा तो मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी। अफसरों ने मौके पर जांच की। पुलिस अफसरों का कहना है कि सिपाही के आत्महत्या प्रकरण की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला आ रहा है। सिपाही के परिजनों का इंतजार है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मेरठ जिले के खाता गांव थाना फलावदा निवासी शिव कुमार 2021 में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। उसकी आठ अप्रैल 2023 को बिथरी चैनपुर थाने में तैनाती हुई थी। शिव कुमार बिथरी गांव में भूरे कश्यप के मकान में किराये पर रह रहा था। उसके साथ में सिपाही सचिन, विकास और आकाश भी रहते हैं। चारों सिपाही दो कमरों में रहते थे। कुछ दिन पहले शिव कुमार छुट्टी लेकर घर गया था। तीन दिन पहले वह छुट्टी से वापस ड्यूटी पर आया था। शिव कुमार बुधवार रात की ड्यूटी कर गुरुवार को दिन में कमरे पर ही था। दो साथी आरक्षी एक कमरे में लेटे थे, जबकि शिवकुमार अकेले दूसरे कमरे में था। शाम करीब 4 बजे साथियों ने आवाज दी, लेकिन काफी देर तक बाहर न आने पर कमरे में देखा तो वह पंखे के कुंडे से गमछे के सहारे लटका हुआ था। इसके बाद साथियों ने फौरन पुलिस अफसरों को सूचना दी। जानकारी होने पर एसपी उत्तरी मुकेश चन्द मिश्रा, सीओ हाईवे आशुतोष शिवम समेत इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश शुक्ल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने साथ में रह रहे सिपाहियों समेत दूसरे लोगों से पूछताछ की।

प्राथमिक जांच में आ रहा प्रेम-प्रसंग का मामला
एसपी उत्तरी मुकेश चन्द मिश्रा ने बताया कि सिपाही तीन दिन पहले गांव से आया था। प्राथमिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। हालाकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उधर साथी पुलिस कर्मियों का कहना है कि उसकी शादी तय हो गई थी। हाल ही में उसकी सगाई होने वाली थी। पुलिस परिजनों का इंतजार कर रही है। परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी। पुलिस सूत्रों की माने तो शिवकुमार छुट्टी से वापस आने के बाद से लगातार गुमसुम और उदास रहने लगा था। हालांकि, आत्महत्या की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।

संबंधित समाचार