पीलीभीत: विकास विभाग के कनिष्ठ लिपिक की मौत, पत्नी पर हत्या का आरोप...जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार: संदिग्ध परिस्थितियों में विकास विभाग के कनिष्ठ लिपिक की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे परिवार वालों ने पत्नी पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच कर रही है। घटना के चलते हड़कंप मचा रहा।
शहर के मोहल्ला बाग गुलशेर खां के रहने वाले संजय सैनी (48) पुत्र स्वर्गीय रामगोपाल विकास विभाग में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी तैनाती बीसलपुर ब्लॉक क्षेत्र में चल रही थी। शुक्रवार को घर पर ही संजय सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी व उसके मायके वाले शव का अंतिम संस्कार कराने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मौत की खबर मिलने पर उसके परिवार वाले मोहल्ला खुशीमल से पहुंच गए। परिजन ने शरीर पर चोटों का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई। जिसमें पत्नी पर ही आरोप लगाए गए। इसकी तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां मोहल्ला खुशीमल की निवासी मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय रामगोपाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र संजय सैनी को उसकी पत्नी लंबे समय से प्रताड़ित कर रही थी। आरोप लगाया कि पत्नी फॅोन पर दूसरे लोगों से बात किया करती थी, जिसे लेकर विवाद होता था। आए दिन उनके बेटे की पत्नी द्वारा पिटाई की जाती थी। कई बार उसे समझाया भी लेकिन नहीं माने। अब इसी में हत्या करने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोले: गुपचुप अंतिम संस्कार की थी तैयारी
मृतक के परिजन ने बताया कि मृतक की पत्नी व उसके मायके वाले शव का गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार करना चाहते थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह करीब सात बजे किसी अन्य व्यक्ति ने इसकी सूचना उनको दे दी।द्ध जब वह पहुंचे और फिर जिंदा होने की आस में संजय को मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि वहां से भी पत्नी शव को एंबुलेंस में डालकर कहीं ले जा रही थी। पोस्टमार्टम न कराने की बात भी अस्पताल में कह दी गई थी।
