बाराबंकी: नौकरी के नाम पर गैंग ने ठग लिए 25 लाख, थमाए फर्जी नियुक्ति पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर तीन युवकों से 25 लाख से अधिक की रकम ठग ली गई। फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर जब पीड़ित ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे तब इन्हे ठगी का एहसास हुआ। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी मिली है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नूरपुर के रहने वाले संतोष कुमार पुत्र छोटू के अनुसार लखनऊ के गोमतीनगर स्थित फन रिपब्लिक माल में मित्र विजय कुमार ने मानकनगर निवासी धनीराम से मुलाकात करवाई, जिसने यह कहकर कि उसके भाई की नौकरी एफसीआई में लग चुकी है, उसका भरोसा जीत लिया।

कहा कि यदि कुछ धनराशि मिल जाए तो वह रेलवे व डाक विभाग में भी नियुक्ति दिलवा सकता है। इस विश्वास में आकर संतोष, उसके मित्र प्रदीप व विजय कुमार ने धनीराम और उसके गिरोह के बताए खातों में 25 लाख से अधिक रुपये आरटीजीएस व नकद के रूप में दिए। इसके बाद आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र और ट्रेनिंग लेटर भी जारी कर पीड़ितों को गुमराह किया।

संतोष का कहना है कि जब उसने व उसके साथियों ने पैसे या ज्वाइनिंग लेटर की मांग की तो विपक्षी टालमटोल करने लगे और बाद में 8 अगस्त को सफेदाबाद पुल के पास बुलाकर गालियां देते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धनीराम, चेतन चौबे, अमित कुमार शर्मा, आलोक कुमार वर्मा और संदीप कुमार समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

संबंधित समाचार