हरदोई: मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदारों की कई घंटे अटकी रहीं सांसे, बुआ के साथ दवाई लेने आई किशोरी हुई थी गायब
हरदोई। मेडिकल कालेज में उस वक्त भगदड़ सी होने लगी, जब बुआ के साथ वहां दवाई लेने पहुंची किशोरी अचानक कहीं गायब हो गई। बस फिर क्या था, उसकी बुआ बदहवास हो गई, वह पहले तो खुद ढूंढने लगी, उसके बाद वहां पुलिस सहायता केंद्र और सुरक्षा गार्डों से मदद मांगी, ज़िम्मेदारों के कानों में भी बात पहुंच गई।
सुरक्षा गार्डों ने किशोरी के बारे में एनाउंस किया, साथ ही पुलिस के साथ कोना-कोना खंगालने लगे, उसी बीच पता चला कि करीब ढाई घंटे बाद किशोरी खुद ही अपने घर पहुंच गई। तब कहीं पुलिस और सुरक्षा गार्डों ने सांस ली।
बताया गया है कि शनिवार को टड़ियावां थाने के एक गांव की किशोरी रिश्ते की बुआ के साथ मेडिकल कालेज दवाई लेने पहुंची। बुआ का कहना था कि वह पर्चा बनवाने लगी, उसी बीच किशोरी भीड़ में कहीं गायब हो गई। पहले तो वह अकेले ही उसे ढूंढने लगी, बाद में पुलिस सहायता केंद्र और सुरक्षा गार्डों से मदद मांगी।
इसका पता होते ही पुलिस और सुरक्षा गार्ड अलर्ट मोड में आ गए, मेडिकल कालेज के चप्पे-चप्पे को खंगालने लगे। कई घंटे पसीना बहाने के बाद पता चला कि करीब ढाई घंटे बाद किशोरी खुद से अपने घर पहुंच गई। किशोरी के पिता का कहना था कि वह रास्ता भटक गई थी।
