कानपुर: मरणासन्न हालत में मिले सेल्समैन की हैलट में मौत, शरीर पर मिले कई चोटों के निशान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

फेसबुक पर वायरल वीडियो देखकर पहुंचे परिजन, शरीर पर मिले कई चोटों के निशान

कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा के तिकोना पार्क के पास मरणासन्न अवस्था में मिले उरई के युवक की हैलट आईसीयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। फेसबुक पर वायरल वीडियो देखकर परिजन हैलट पहुंचे। पिता का आरोप है कि बेटे को घर से दूर बुलाकर उसकी पीटकर हत्या की गई है। सिर, हाथ-पैर व शहर के अन्य अंगों पर भी पिटाई के जख्म मिले हैं। छह लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद तहरीर दी है। 

उरई के प्रेमनगर निवासी उमर मंसूरी ने बताया कि उनका 32 वर्षीय बेटा इरशाद चिप्स, कचरी का सेल्समैन था। बीते सोमवार की शाम करीब पांच बजे वह परिजनों से बिना कुछ बताए घर से निकला था। रात तक जब वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। 

उसके बारे में पता लगा रहे थे, इसी बीच बुधवार शाम सात बजे छोटे बेटे इकबाल ने फेसबुक पर एक वीडिया देखा, जिसमें इरशाद गंभीर अवस्था में दिखाई दिया। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। यह वीडियो बाबूपुरवा के एक युवक ने अपनी आईएस खान आईडी से पोस्ट किया था। उससे संपर्क करने पर घटना की जानकारी हुई। उसी दिन रात में वह लोग हैलट आईसीयू पहुंचे। जहां बेटे का इलाज चल रहा था। बेहोशी की हालत में होने से उनकी बेटे से बात नहीं हो सकी।

शुक्रवार रात 9.55 बजे इरशाद की मौत हो गई। इकबाल के अनुसार भाई के सिर, छाती, हाथ-पैर समेत कई जगह चोटों के निशान थे। आरोप है कि इरशाद को पीटने के बाद तिकोना पार्क के पास खड़ी कार के पीछे छिपाकर डाला गया था। जिससे किसी की नजर न पड़े। क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे कांशीराम ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उसे हैलट रेफर किया गया था। उमर मंसूरी ने आरोप लगाया कि उरई के प्रेमनगर में उनका मकान व दुकान का विवाद लंबे समय से चल रहा है।

आरोपी कब्जा करना चाहते हैं, इसलिए कई बार धमकाया है। उन्हीं लोगों ने बेटे को बुलाकर पीटा और हत्या की है। उमर ने छह लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए नामदज तहरीर दी है। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि युवक जख्मी अवस्था में एनएलसी चौकी क्षेत्र में मिला था। पीड़ित पक्ष ने बाबूपुरवा निवासी युवक के दोस्त समेम अन्य पर आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

दो साल पहले बड़े बेटे की हुई थी मौत 

उमर के अनुसार उनके तीन बेटों में सबसे बड़े रिजवान की दो साल पहले संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। तब भी इन्हीं आरोपियों पर संदेह था। इरशाद की मौत के बाद अब तीसरे बेटे को लेकर चिंता है। आरोपी संपत्ति पर कब्जा करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।

संबंधित समाचार