बदायूं : सड़क हादसे में बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत, बिसौली मार्ग पर हुआ हादसा
इस्लामनगर, अमृत विचार। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के एक गांव निवासी राजमिस्त्री की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव फिरोजपुर गुमराह निवासी विशाल (27) पुत्र दौजीराम राजमिस्त्री थे।
वह शनिवार दोपहर बाइक से बिसौली रोड होते हुए गांव करनपुर जा रहे थे। रास्ते में भवानीपुर स्थित पुलिया के पास सामने से तेज रफ्तार से आए वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। बताया कि विशाल ने हेलमेट नहीं लगाया था। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, चार घायल
दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा शुक्रवार शाम बिसौली-सहसवान मार्ग स्थित रानेट चौराहे पर हुआ। गांव हुसैनपुर निवासी प्रमोद (35) शुक्रवार शाम अपने दोस्त कृपाल के साथ काम से रानेट में पुष्पेंद्र के ड्यूबवैल पर बाइक से जा रहे थे। नारेट चौराहे पर सहसवान की ओर से आई दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में प्रमोद और कृपाल के अलावा दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को चंदौसी के अस्पताल में ले जाया गया। प्रमोद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर किया तो घायल को मुरादाबाद के अस्पताल में ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में प्रमोद ने दम तोड़ दिया। जबकि घायलों को चंदौसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।
