महिला से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास, शिकायत पर पति व भांजे पर हमला
लखनऊ, अमृत विचार । मदेयगंज इलाके में मकान मालिक के बेटे और उसके दोस्त ने घर में घुसकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध कर पीड़िता शोर मचाते हुए घर के बाहर भागी तो आरोपी भाग निकले। पति व भांजा शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे। इस पर आरोपी ने दोस्तों संग उन्हें जमकर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। मदेयगंज पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर मदेयगंज राजेश सिंह ने बताया कि आइसक्रीम का ठेला लगाने वाला पीड़ित पत्नी के साथ थाना क्षेत्र में किराए पर रहता है। बुधवार रात करीब 11:30 बजे मकान मालिक का बेटा आयुष दोस्त पिंटू के साथ कमरे में घुस गया। आरोप है कि दोनों उनकी पत्नी के साथ जबरदस्ती करने लगे। आरोपियों ने हाथ पकड़कर सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध पर आरोपियों ने धमकाया।
खुद को बचाते हुए महिला ने किसी तरह धक्का दिया और घर के बाहर भागी। शोर सुनकर आसपड़ोस के लोग दौड़े। पीड़िता ने पति को सूचना दी। कुछ देर में पति व भांजा घर पहुंचे। पीड़िता ने आपबीती बतायी। इसपर पति भांजे के साथ शिकायत लेकर पहुंचा तो आरोपी आयुष व पिंटू ने चार-पांच दोस्तों के साथ मिलकर उनपर हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों को बेरहमी से पीटा। राहगीरों के जुटने पर आरोपी धमकाते हुए फरार हो गए। इलाज कराने के बाद पीड़ित पति ने मामले की शिकायत मदेयगंज थाने में की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आयुष, पिंटू व चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़े : सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री भेज रही थी पत्नी, साइबर क्राइम के तहत महिला पर मुकदमा दर्ज
