बरेली: महिला ने साथियों के साथ मिलकर किया अपहरण, मरा समझकर फेंका
अमृत विचार, बरेली। कचहरी से घर जा रहे युवक को पहचान की महिला ने फोन करके पीलीभीत रोड पर रोक लिया और उसे अपने साथियों की मदद से जबरन कार में डालकर अगवा कर लिया। इसके बाद उसे कार में मारपीट कर जबरन शराब पिलाई और फिर चाकुओं से हमला करके मरा समझकर सड़क किनारे …
अमृत विचार, बरेली। कचहरी से घर जा रहे युवक को पहचान की महिला ने फोन करके पीलीभीत रोड पर रोक लिया और उसे अपने साथियों की मदद से जबरन कार में डालकर अगवा कर लिया। इसके बाद उसे कार में मारपीट कर जबरन शराब पिलाई और फिर चाकुओं से हमला करके मरा समझकर सड़क किनारे फेंक गए। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पीलीभीत के जहानाबाद निवासी दिनेश चंद्र पाठक बरेली कचहरी पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि पहले वह सुभाष नगर में रहते थे। कचहरी पर ही उनकी मुलाकात बिशारतगंज के मिर्जापुर गांव की निवासी ममता दिवाकर उर्फ मधु से हुई थी। आरोप है कि मधु ने 29 अक्टूबर की रात 10 बजे के करीब उसे फोन किया और बात करने लगी। मधु से बात करने के लिए दिनेश ने अपनी स्कूटी बजरंग ढाबा के पास रोक ली।
इसी बीच वहां मधु अपने साथी बबलू ठाकुर को लेकर पहुंची और उसकी स्कूटी की चाबी छीन ली। उसे जबरन कार में बैठा लिया। कार में मधु के साथ अमित शंखधार, सीमा देवी और शिवम शर्मा थे। सबने मिलकर उसके साथ मारपीट कर उसे जबरन शराब पिलाई और फिर उसे पीलीभीत ले गए। वहां उसका गला दबाकर चाकुओं से हमला कर बदहवास कर दिया और मरा छोड़कर फरार हो गए।
सुबह लोगों की सूचना पर पीलीभीत पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली जिला अस्पताल भेज दिया गया। पीड़ित ने बारादरी पुलिस से मामले की शिकायत की लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। डीआईजी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -शितांशु शर्मा, इंस्पेक्टर बारादरी
