Rampur: बैठक छोड़कर गए ईओ, व्यापारियों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। कर वृद्धि के खिलाफ व्यापारी आरपार के मूड में हैं। शनिवार को नगर पालिका रामपुर के सभागार में अध्यक्ष सना मामून के साथ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल से जुड़े व्यापारियों की बैठक हुई। व्यापारियों के तीखे सवालों से नाराज ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी बैठक छोड़कर चले गए। इससे नाराज व्यापारियों ने पालिका सभागार में हंगामा किया।

इसके बाद पालिकाध्यक्ष सना खानम की मौजूदगी में ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास हुआ। व्यापारियों ने ईओ का हटाए जाने की मांग की है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि इसके लिए आगे की रणनीति बनाई जा रही है। पालिका ने गृह और जलकर में बेतहाशा वृद्धि कर दी है। जिसको लेकर व्यापारी संघर्ष कर रहे हैं। गृह और जलकर कम करने के लिए व्यापारियों ने गुरुवार को रात 8:30 बजे तक पालिका भवन में धरना दिया था। 

पालिका की ओर से व्यापारियों को आश्वासन दिया गया था कि शनिवार को दोपहर 12:30 बजे पालिकाध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक होगी। बैठक में ईओ समेत तमाम अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद व्यापारियों ने धरना खत्म किया था। शनिवार को व्यापारी पालिका सभागार में पहुंचे, जहां पालिकाध्यक्ष, ईओ समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि जो सड़क 20 मीटर चौड़ी नहीं है मकान गलियों में बना हुआ है। 

जीपीएस सर्वे के आधार पर ऐसे मकानों का गृह और जलकर बढ़ा दिया गया है। जोकि गलत है शहर के मकानों का दोबारा सर्वे होना चाहिए। जीपीएस से कराया गया सर्वे स्पष्ट नहीं कर पा रहा है, जबकि पालिका अधिकारियों ने उसी सर्वे के आधार पर टैक्स बढ़ा दिया है। पालिका अधिकारियों ने कहा कि जिन लोगों का कर अधिक आया है वे आपत्ति दाखिल करें।

कच्चे मकानों वालों का टैक्स कम हो
व्यापारी नेता शाहिद शम्स ने कहा कि नगर पालिका के पास पूरे शहर का नक्शा हैं, नक्शे के आधार पर जो मकान डेढ़ मीटर चौड़ी गली में बने हैं और जिन मकानों का दरवाजा पक्का है। लेकिन अंदर से कच्चे बने हुए हैं उसका कर कम होना चाहिए। शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि कर ऐसा लगना चाहिए जिससे बेईमानी को बढ़ावा नहीं मिले। इस पर ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी भड़क गए और गुस्से में बैठक छोड़कर चले गए। ईओ के बैठक छोड़ने से व्यापारियों का पारा चढ़ गया, उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद व्यापारियों ने निंदा प्रस्ताव पास किया और ईओ को हटाने की मांग की।

ईओ का बैठक जाना पालिकाध्यक्ष का अपमान
व्यापारियों ने कहा कि बैठक से इस तरह ईओ का उठकर चले जाना पालिकाध्यक्ष का अपमान है। उन्होंने कहा कि पालिका भवन में व्यापारियों के धरने पर बैठने को लेकर पालिकाध्यक्ष ने खेद जताया। व्यापारी नेता ने कहा कि जो लोग टैक्स जमा कर चुके हैं उनसे भी वर्ष 2019 से बढ़ा हुआ टैक्स मांगा जा रहा है। कहा कि व्यापारी पालिका की इस मनमानी को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

बैठक में यह रहे मौजूद
पालिकाध्यक्ष पति मामून शाह खां, अनिकेत कुमार, शैलेंद्र शर्मा, शाहिद शम्सी, प्रदीप खंडेलवाल, शुऐब मोहम्मद खां, मुराद खां, मुकेश आर्य, शकेब शम्सी, इमरान सलीम, हरीश अरोरा, नजमी खां, मोहसिन खां, बृजेश गुप्ता, पुष्कर अग्रवाल आदि।

संबंधित समाचार